BMC Election news in hindi : बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया मंगलवार को शुरू हो गई है। बीएमसी का 2025-26 का बजट 74,000 करोड़ रुपए का है। इस चुनाव में उद्धव ठाकरे की UBT और राज ठाकरे की MNS का गठबंधन लगभग फाइनल हो गया है। हालांकि आज गठबंधन का एलान टल गया। ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या दोनों दलों में सब ठीक चल रहा है।
उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के बीच गठबंधन को लेकर सब कुछ तय हो गया था, आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में एलान भी होना था लेकिन फिर अचानक आज होने वाली प्रेस कॉफ्रेंस टल गई। बताया जा रहा है कि कुछ सीट पर कशमकश की स्थिति बनी हुई है।
एशिया के सबसे बड़े नगर निकाय के चुनाव 15 जनवरी को होंगे और नतीजे अगले दिन घोषित किए जाएंगे। भाजपा शिवसेना शिंदे गुट के साथ चुनावी गठबंधन की तैयारी में है। कांग्रेस और अजित पवार भी इस चुनाव में साथ आ सकते हैं। हालांकि प्रमुख राजनीतिक दलों ने अभी तक अपने गठबंधन और उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है।
महाराष्ट्र के 246 नगर परिषद और 42 नगर पंचायत के लिए हुए चुनाव में 70 प्रतिशत से अधिक नगर अध्यक्ष बीजेपी के नेतृत्व वाले महायुति के जीतकर आए हैं। नगर परिषद व नगर पंचायत के चुनावी नतीजों ने उद्धव के लिए सियासी संकट खड़ा कर दिया है। इस चुनाव में उद्धव की पार्टी 2 डिजिट में सिमट गई तो राज की पार्टी अपना खाता भी नहीं खोल पाई।
शिवसेना यूबीटी और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के गठबंधन पर भाजपा नेता राम कदम ने कहा कि दोनों गठबंधन करते हैं या नहीं, यह उनका निजी फैसला है। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां इतने कम आंकड़ों पर सिमट जाएंगी कि कोई सोच भी नहीं सकता।
edited by : Nrapendra Gupta