Publish Date: Mon, 30 Mar 2026 (16:36 IST)
Updated Date: Mon, 30 Mar 2026 (16:40 IST)
महाराष्ट्र के पुणे शहर में मार्च के महीने में हुई बेमौसम बारिश ने दस्तक देकर भीषण गर्मी से जूझ रहे नागरिकों को बड़ी राहत दी है। पिछले कुछ दिनों से शहर के तापमान में भारी बढ़ोतरी देखी जा रही थी। इससे दोपहर के समय चिलचिलाती धूप ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया था। एक्सपर्ट्स के मुताबिक जलवायु परिवर्तन (Climate Change) के कारण हाल के वर्षों में तापमान में इस तरह के उतार-चढ़ाव और बेमौसम बारिश की घटनाएं अधिक बार देखने को मिल रही हैं।
इस बीच भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में अगले दो घंटे में धूल भरी आंधी के बाद गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की बहुत अधिक संभावना जताई है। आईएमडी के अलर्ट के अनुसार इस दौरान 60-80 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। IMD के अनुसार 4 अप्रैल के बीच महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। प्रशासन ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर खुले स्थानों पर बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए सावधानी बरतने को कहा गया है।
अचानक बारिश से पुणेवासी भी हैरान
सोमवार दोपहर करीब 2.30 बजे पुणे और पड़ोसी पिंपरी-चिंचवाड़ के कई हिस्सों में अचानक मौसम ने करवट ली। आसमान में काले बादल छा गए और गरज के साथ बौछारें पड़ने लगीं। इस अचानक हुई बारिश ने ऑफिस जाने वालों और राहगीरों को हैरान कर दिया, जो खुद को भीगने से बचाने के लिए सुरक्षित ठिकानों की तलाश करते नजर आए। बारिश के कारण सड़कों पर फिसलन और दृश्यता कम होने की वजह से यातायात पर असर पड़ा। हालांकि गर्मी से राहत मिलने से नागरिकों के चेहरे खिले हुए हैं।
क्या है बेमौसम बारिश का कारण
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, यह बारिश 'बेमौसम' की श्रेणी में आती है क्योंकि मानसून आने में अभी काफी समय है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक तापमान में अचानक वृद्धि होने से वायुमंडल में नमी बढ़ जाती है। इसी नमी के कारण अचानक गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने लगती हैं। पिछले कुछ दिनों से पुणे के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और ठंडी हवाओं का दौर जारी है, जिससे वायु गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है। Edited by : Sudhir Sharma