Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में बारिश और आंधी का अलर्ट, 2500 किलोमीटर में फैला बादलों का विशाल सिस्टम सक्रिय

Advertiesment
weather update India
दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है। कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। पिछले कई दिनों से उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में लू और अत्यधिक गर्मी का असर देखा जा रहा था। दिन के समय सड़कों पर सन्नाटा और बिजली की बढ़ती मांग ने हालात और मुश्किल बना दिए थे। अब इस बादल प्रणाली के सक्रिय होने से तापमान में गिरावट आने और मौसम सुहावना होने की उम्मीद जताई जा रही है।
भारत के अत्याधुनिक मौसम सैटेलाइट INSAT-3DS ने करीब 2500 किलोमीटर के दायरे में फैले बादलों के एक विशाल समूह को रिकॉर्ड किया है, जो तेजी से उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है।
 
मौसम विभाग के अनुसार, यह विशाल बादल तंत्र पाकिस्तान और उत्तर-पश्चिम भारत से होते हुए पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की तरफ सक्रिय हो रहा है। सैटेलाइट से मिली तस्वीरों में घने और चमकीले सफेद बादल दिखाई दे रहे हैं, जो ऊंचाई पर मौजूद ठंडे बादलों का संकेत माने जाते हैं। एक्सपर्ट्‍स के मुताबिक ऐसे बादल आमतौर पर तेज बारिश, आंधी और गरज-चमक के साथ मौसम में बड़े बदलाव की ओर इशारा करते हैं।

क्या कहा IMD ने

उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में चल रही उष्ण लहर कम हो गई है, और कल से मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में भी इसके कम होने की संभावना है। उत्तर-पूर्वी भारत और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में 1 से 4 जून तक कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है।

वेस्टर्न डिस्टरबेंस और समुद्री नमी से बना सिस्टम

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, यह सिस्टम पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के संयुक्त प्रभाव से तैयार हुआ है। यही वजह है कि उत्तर भारत के बड़े हिस्से में मौसम अचानक बदलने की संभावना बढ़ गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 24 से 48 घंटों के दौरान कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि और धूल भरी आंधी की भी आशंका जताई गई है।

दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में अलर्ट जारी

भारत मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर जैसे पहाड़ी राज्यों में भी बारिश और मौसम बदलने के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग का मानना है कि इस सिस्टम के सक्रिय होने से लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिल सकती है। हालांकि, तेज हवाओं और आंधी-तूफान के कारण लोगों को सतर्क रहने की सलाह भी दी गई है।

​​मध्यप्रदेश में राहत की उम्मीद

मध्यप्रदेश में नौतपा की भीषण गर्मी झेल रहे लोगों के लिए इससे राहत की बड़ी खबर आई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आगामी 3 से 4 दिनों के भीतर प्रदेश के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की जाएगी। माना जा रहा है कि भीषण लू का सामना कर रहे नागरिकों के लिए यह प्री-मानसून एक्टिविटी एक बड़ी संजीवनी बनकर आ रही है। इससे तपती धरती और आम जनजीवन को भीषण गर्मी से बड़ी निजात मिलने की उम्मीद है। Edited by : Sudhir Sharma

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

CM योगी बोले- जन्मभूमि का ऋण चुकाना ही सच्ची देशभक्ति, मऊ के ताजोपुर मॉडल की जमकर सराहना