Publish Date: Thu, 07 May 2026 (07:54 IST)
Updated Date: Thu, 07 May 2026 (10:12 IST)
Top News 7 May : तमिलनाडु में गर्वनर की हरी झंडी नहीं मिलने की वजह से चंद्रशेखर जोसेफ विजय का शपथ ग्रहण समारोह टल गया। बिहार के गांधी मैदान में आज सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या कर दी गई। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और विदेश मंत्री मार्के रुबियों के बयानों से ईरान युद्ध पर अनिश्चितता बढ़ी। 7 मई की बड़ी खबरें :
विजय का शपथ ग्रहण समारोह टला
तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) प्रमुख चंद्रशेखर जोसेफ विजय का गुरुवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह टल गया। विधानसभा चुनाव के दौरान टीवीके ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटों पर जीत दर्ज की है और राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। कांग्रेस के विधायकों ने भी समर्थन दे दिया है। हालांकि 234 सदस्यीय विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 118 सीटों का बहुमत जरूरी है और टीवीके अभी इससे 5 सीटें पीछे है। कई मीडिया खबरों में दावा किया गया है कि गवर्नर राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से हरी झंडी नहीं मिल पाने के कारण उनका शपथ ग्रहण टल गया है।
बंगाल में मंत्रिमंडल विस्तार, 27 मंत्री लेंगे शपथ
बिहार में आज सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। पटना के गांधी मैदान में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में 27 मंत्री लेंगे शपथ। पूर्व सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार भी सम्राट कैबिनेट में मंत्री बनेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित भाजपा के कई दिग्गज नेता शामिल होंगे। भाजपा से 12, जदयू से 11, एलजेपी(आर) से 2, हम और आरएलएम से एक-एक मंत्री शपथ ले सकते हैं। 6 सीटें अभी खाली रखी जाएगी।
शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या
विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद पश्चिम बंगाल में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार देर शाम भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट (PA) की उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने कोलकाता में उन्हें निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ 4 गोलियां चलाईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शुभेंदु ने इस घटना को पूरी तरह सोची-समझी साजिश और 'प्री-प्लान्ड मर्डर' बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा अब यहां के गुंडों का सफाया करने का काम शुरू करेगी।
ALSO READ: पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट की हत्या
ईरान युद्ध पर अनिश्चितता
ईरान युद्ध पर अमेरिका से आए 2 बयानों से अनिश्चितता और बढ़ गई है। विदेश मंत्री मार्को रुबियो का कहना है कि अभियान अपने लक्ष्य हासिल करने के बाद समाप्त हो चुका है और अब वॉशिंगटन वार्ता के जरिए समाधान चाहता है। दूसरी ओर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि यदि ईरान प्रस्तावित समझौते पर सहमत नहीं हुआ तो सैन्य हमले फिर शुरू हो सकते हैं और उनकी तीव्रता पहले से अधिक होगी।
सनराइजर्स हैदराबाद अंक तालिका में टॉप पर
सनराइजर्स हैदराबाद ने पंजाब किंग्स को आईपीएल के एक मैच में 33 रन से हरा दिया। हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 4 विकेट पर 235 रन बनाए। जवाब में पंजाब की टीम 7 विकेट खोकर सिर्फ 202 रन बना सकी। हैदराबाद में लगातार नौवीं जीत के साथ सनराइजर्स अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचा।
edited by : Nrapendra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें