Publish Date: Thu, 12 Feb 2026 (22:16 IST)
Updated Date: Thu, 12 Feb 2026 (22:19 IST)
एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने गुरुवार को उन मीडिया रिपोर्ट्स को खारिज कर दिया, जिनमें दावा किया गया था कि एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 हादसे की जांच पूरी हो चुकी है। ब्यूरो ने स्पष्ट किया कि ऐसी खबरें 'गलत और अटकलों पर आधारित' हैं। हादसे में कुल 260 लोगों की मौत हुई थी, जो पिछले कई दशकों में देश की सबसे बड़ी विमान दुर्घटनाओं में से एक है। AAIB ने अपने बयान में कहा कि जांच अभी जारी है। किसी भी तरह का अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।
ब्यूरो ने बताया कि वह विमान (दुर्घटना और घटना की जांच) नियम, 2025 तथा ICAO Annex 13 के तहत भारत की अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारियों के अनुरूप सख्ती से जांच करता है। बयान में कहा गया कि विमान हादसों की जांच एक तकनीकी और साक्ष्य-आधारित प्रक्रिया होती है, जिसका उद्देश्य मूल कारणों का पता लगाना और भविष्य में सुरक्षा को मजबूत करना है।
AAIB ने यह भी कहा कि पहले जारी की गई प्रारंभिक रिपोर्ट उस समय उपलब्ध तथ्यों पर आधारित थी। अंतिम जांच रिपोर्ट, जिसमें निष्कर्ष और सुरक्षा संबंधी सिफारिशें शामिल होंगी, जांच पूरी होने के बाद अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रकाशित की जाएगी।
इटली के अखबार का क्या था दावा
यह स्पष्टीकरण उस समय आया है जब इटली के अखबार Corriere della Sera ने दो सूत्रों के हवाले से दावा किया था कि अहमदाबाद में एयर इंडिया फ्लाइट AI-171 दुर्घटना की जांच कर रहे अधिकारियों ने निष्कर्ष निकाला है कि हादसा तकनीकी खराबी से नहीं, बल्कि एक 'जानबूझकर किए गए कृत्य' का परिणाम था। हालांकि इतालवी अखबार की रिपोर्ट अनाम सूत्रों और प्रारंभिक आकलनों पर आधारित बताई गई है। Edited by : Sudhir Sharma