Publish Date: Sat, 30 May 2026 (18:04 IST)
Updated Date: Sat, 30 May 2026 (21:37 IST)
Abhishek Banerjee Attacked : पश्चिम बंगाल की राजनीति से इस वक्त की बेहद सनसनीखेज और बड़ी खबर आ रही है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी पर दक्षिण 24 परगना के सोनारपुर में कथित तौर पर हमला किया गया है। इस घटना ने पूरे बंगाल के राजनीतिक माहौल को एक बार फिर तनावपूर्ण बना दिया है। बनर्जी ने आरोप लगाया कि वे मुझे मारना चाहते थे। हमले के बाद अभिषेक बनर्जी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भतीजे अभिषेक का हालचाल जानने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी अस्पताल पहुंची हैं।
कहां हुई टीएमसी नेता के साथ घटना
यह घटना दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर इलाके में हुई। चुनावी नतीजों के बाद राज्य के कई हिस्सों में राजनीतिक झड़पों और हिंसा की खबरें आ रही थीं। इसी कड़ी में टीएमसी सांसद अभिषेक सोनारपुर में कथित चुनावी हिंसा के पीड़ितों और अपने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जैसे ही अभिषेक बनर्जी का काफिला क्षेत्र में पहुंचा, वहां भारी हंगामा शुरू हो गया। विरोध प्रदर्शन कर रहे उग्र लोगों की भीड़ ने उन्हें निशाना बनाया।
अभिषेक की शर्ट फटी
खबरों के मुताबिक, भीड़ ने सुरक्षा घेरे को तोड़ते हुए अभिषेक बनर्जी के साथ धक्का-मुक्की की, जिसमें उनकी शर्ट तक फट गई। कहा जा रहा है कि आक्रोशित भीड़ द्वारा अभिषेक बनर्जी और उनके काफिले पर अंडे भी फेंके गए। भीड़ ने चोर-चोर के नारे भी लगाए।
टीएमसी समर्थकों का कहना है कि अभिषेक बनर्जी जैसे हाई-प्रोफाइल नेता, जिन्हें पहले 'Z+' श्रेणी की सुरक्षा हासिल थी, उनके साथ सरेआम इस तरह की बदसलूकी होना राज्य की सुरक्षा व्यवस्था और स्थानीय पुलिसिंग पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
क्या कहा अभिषेक बनर्जी ने?
टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने कहा कि वे लोग मुझे मारना चाहते थे। उन्होंने कहा कि पुलिस को फोन लगाया लेकिन फोन उठाया नहीं। उन्होंने कहा कि मुझे जान से मारने की धमकी दी जा रही है। हम डरने वाले नहीं हैं। मैं इस घटना के खिलाफ कोर्ट जाऊंगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थकों ने उन पर हमला किया है। उन्होंने किसी तरह हेलमेट पहनकर जान बचाई। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मिलने तक मैं यहां से नहीं हटूंगा।
टीएमसी-भाजपा के आरोप-प्रत्यारोप
घटना के तुरंत बाद तृणमूल कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। टीएमसी नेतृत्व ने इस हमले के लिए सीधे तौर पर भाजपा के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है। टीएमसी ने कहा कि विधानसभा चुनाव के नतीजों से बौखलाई बीजेपी अब जमीनी स्तर पर हिंसा और गुंडागर्दी पर उतर आई है। विधानसभा चुनाव के नतीजों से बौखलाई बीजेपी अब जमीनी स्तर पर हिंसा और गुंडागर्दी पर उतर आई है। यह स्वत: स्फूर्त गुस्सा है।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
About Writer
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें