Weather Update News : उत्तर भारत में शीतलहर और कोहरे की मार पड़ रही है। राष्ट्रीय राजधानी में रविवार सुबह घना कोहरा छाया रहा और न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से 2.3 डिग्री कम है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शहर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और सुबह तक कई स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी है।
दिल्ली में लागू है ग्रैप-4 के प्रतिबंध
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक देश के कई राज्यों में ठंड और कोहरे का असर रह सकता है। देश की राजधानी में जहरीली धुंध और घना कोहरा छाया देखने को मिला। हवा की गुणवत्ता इतनी खराब हो गई कि प्रदूषण का स्तर 'गंभीर' श्रेणी में पहुंच गया है। पूरी राजधानी जहरीले स्मॉग की मोटी चादर से ढक गई। दिल्ली की हवा में प्रदूषण बढ़ने के बाद ग्रैप-4 के प्रतिबंध दोबारा लागू कर दिए गए हैं। इससे पहले दिल्ली की हवा दिसंबर के महीने में बेहद जहरीली हुई थी। उस समय ग्रैप-4 के प्रतिबंध लागू किए गए थे। हालांकि, बाद में हवा से प्रदूषण कम हुआ और 24 दिन पहले ग्रैप-4 के प्रतिबंध हटा दिए गए थे।
ट्रेन और उड़ानों पर भी पड़ा असर
घने कोहरे के कारण जीरो विजिबिलिटी से ट्रेनें लेट हो रही हैं और उड़ानों पर भी असर पड़ रहा है। इसके चलते दिल्ली एयरपोर्ट समेत कई एयरलाइंस ने पैसेंजर एडवाइजरी जारी कर दी है। उत्तर पश्चिम भारत में शीत लहर का अलर्ट नहीं है, लेकिन IMD ने घना कोहरा छाने और हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई है। जम्मू-कश्मीर में चिल्ला कलां चल रहा है। इसके 28 दिन पूरे हो चुके हैं और इन 28 दिन में जम्मू-कश्मीर जम गया है। बर्फबारी के चलते न्यूनतम तापमान माइनस में चल रहा है।
इन राज्यों में बारिश के आसार
मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 18 से 24 जनवरी के बीच पहाड़ों पर बारिश और मैदानों में बर्फबारी होने का अलर्ट जारी किया है। कहीं-कहीं भारी बारिश होने के भी आसार हैं। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 22-23 जनवरी को हल्की बारिश होने की संभावना है और पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान में 23 जनवरी को बारिश होने की संभावना है। Edited by : Sudhir Sharma