Publish Date: Thu, 07 May 2026 (14:56 IST)
Updated Date: Thu, 07 May 2026 (15:03 IST)
West Bengal CM candidate: बंगाल भाजपा की राजनीति में अग्निमित्रा पॉल किसी परिचय का मोहताज नहीं है। पॉल पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक उभरता हुआ और प्रभावशाली नाम हैं। वह न केवल एक सफल राजनेता हैं, बल्कि राजनीति में आने से पहले अंतरराष्ट्रीय स्तर की मशहूर फैशन डिजाइनर भी रही हैं। उनका नाम मुख्यमंत्री पद के लिए भी चल रहा है। यदि उन्हें मुख्यमंत्री नहीं बनाया जाता है कि तो यह भी तय है कि उन्हें राज्य सरकार में बड़ी जिम्मेदारी जरूर मिलेगी।
हालिया विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद, बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के साथ ही उनका नाम मुख्यमंत्री की दौड़ में शामिल प्रमुख चेहरों में गिना जा रहा है। हालांकि उनका मुख्यमंत्री बनना इतना आसान भी नहीं है, लेकिन उन्हें बड़ी जिम्मेदारी जरूर मिलने वाली है। महिला होने के नाते उन्हें डिप्टी सीएम भी बनाया जा सकता है। भाजपा ने बंगाल में 207 सीटें जीतकर इतिहास रचा है और राज्य में पहली बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है।
फाइटर नेता की छवि
अग्निमित्रा पॉल को मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदारों में इसलिए भी माना जा रहा है क्योंकि उन्होंने आसनसोल दक्षिण सीट से बड़े अंतर (लगभग 40,000+ वोट) से जीत दर्ज की है। इसके साथ ही उनकी छवि बंगाल के एक जुझारू नेता की रही है। हालांकि मुख्यमंत्री पद के नाम का ऐलान 8 मई को विधायक दल की बैठक में होगा। बंगाल में 'महिला अस्मिता' एक बड़ा मुद्दा रहा है। ममता बनर्जी के विकल्प के रूप में भाजपा एक सशक्त महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाना चाहेगी।
अग्निमित्रा पॉल को बंगाल में एक 'फाइटर' नेता के रूप में देखा जाता है। वह सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के लिए जानी जाती हैं। उनके चुनावी हलफनामे के अनुसार, उन पर लगभग 23 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें से अधिकांश राजनीतिक प्रदर्शनों और 'गैर-कानूनी जमावड़े' से संबंधित हैं। वह अक्सर ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ बेहद आक्रामक रुख अपनाती रही हैं।
फैशन डिजाइनर से राजनेता तक का सफर
राजनीति में आने से पहले अग्निमित्रा सफल फैशन डिजाइनर थीं। उन्होंने श्रीदेवी, मिथुन चक्रवर्ती, ईशा देओल आदि बॉलीवुड सितारों के लिए कपड़े डिजाइन किए हैं। उन्होंने अपना ब्रांड 'Inga' भी लॉन्च किया था। उन्होंने मार्च 2019 में भाजपा जॉइन की और बहुत कम समय में वह पार्टी की एक मुखर आवाज बनकर उभरीं। वह भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष और बाद में पश्चिम बंगाल भाजपा की महासचिव और वर्तमान में उपाध्यक्ष पार्टी की उपाध्यक्ष हैं।
अग्निमित्रा 2021 में पहली बार आसनसोल दक्षिण से विधायक बनीं। हालांकि, 2022 के लोकसभा उपचुनाव (आसनसोल) और 2024 के आम चुनाव (मेदिनीपुर) में उन्हें हार का सामना करना पड़ा, लेकिन 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने फिर से बड़ी जीत हासिल की है।
बयानों को लेकर सुर्खियों में रहीं
2026 के विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने बार-बार यह बयान दिया कि यह चुनाव सिर्फ राजनीतिक मुकाबला नहीं, बल्कि 'बंगाल को बचाने की लड़ाई' है। उन्होंने दावा किया कि अगर भाजपा नहीं जीती, तो बंगाल की संस्कृति और सुरक्षा खतरे में पड़ जाएगी। अक्टूबर 2025 में बंगाल में कानून-व्यवस्था और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा था कि ममता दीदी का दिल पत्थर बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार बलात्कार जैसे गंभीर मामलों में भी हल्की धाराएं लगाकर दोषियों को बचाने का प्रयास करती हैं।
शिक्षा और व्यक्तिगत जीवन
उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा आसनसोल के लोरेटो कॉन्वेंट से पूरी की। उनके पास बॉटनी (Honours) में ग्रेजुएशन की डिग्री है और उन्होंने बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ लिबरल आर्ट्स एंड मैनेजमेंट साइंसेज से फैशन डिजाइनिंग में डिप्लोमा किया है। उनके पास MBA की डिग्री भी है। उनका जन्म 25 नवंबर 1974 को आसनसोल के एक प्रतिष्ठित डॉक्टर और अकादमिक परिवार में हुआ था। उनके पिता डॉ. अशोक रॉय आसनसोल के जाने-माने बाल रोग विशेषज्ञ हैं। उनके पति पार्थ पॉल एक उद्यमी हैं।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
About Writer
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें