दिल्ली एयरपोर्ट पर पायलट ने पैसेंजर को पीटा, सदमे में परिवार
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए जांच पूरी होने तक आरोपी पायलट को निलंबित कर दिया है।
Pilot beats Passenger : दिल्ली एयरपोर्ट पर एयर इंडिया एक्सप्रेस विमान के पायलट कैप्टन वीरेंद्र सेजवाल ने यात्री अंकित दीवान के साथ जमकर मारपीट की। यह घटना उस समय हुई जब पायलट इंडिगो की उड़ान से बंगलूरू जा रहा था। घटना से हड़कंप मच गया। एयरलाइन ने मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए जांच पूरी होने तक आरोपी पायलट को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर एअर इंडिया एक्सप्रेस के एक ऑफ-ड्यूटी पायलट ने यात्री अंकित दीवान के साथ मारपीट की। पीड़ित का कहना है कि वह अपने परिवार के साथ स्टाफ सुरक्षा गेट का उपयोग कर रहे थे, तभी लाइन में लगने को लेकर दोनों में विवाद हो गया।
पायलट ने दीवान को अपशब्द कहे और उस पर हमला कर दिया। इससे उसके चेहरे पर चोट आई। पीड़ित का आरोप लगाया कि उन पर मामले को रफा-दफा करने का दबाव बनाया गया।
अंकित दीवान ने सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में कहा, 'एयर इंडिया एक्सप्रेस के कैप्टन वीरेंद्र सेजवाल ने दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल 1 (T1) पर उन पर हमला किया और उनकी 7 साल की बेटी, जिसने हमला देखा, अभी भी सदमे में है और डरी हुई है।
पीड़ित के अनुसार, उन्हें और उनके परिवार को उस सिक्योरिटी चेक का इस्तेमाल करने के लिए कहा गया था जो स्टाफ इस्तेमाल करता है क्योंकि उनके साथ एक 4 महीने का बच्चा स्ट्रोलर में था। स्टाफ मेरे आगे लाइन तोड़ रहा था। जब मैंने उन्हें टोका तो कैप्टन वीरेंद्र सेजपाल के साथ उनकी कहासुनी हो गई।
इस पर कैप्टन ने चिल्लाते हुए कहा कि क्या मैं अनपढ़ हूं, क्या मैं उन साइन को पढ़ नहीं सकता जिन पर लिखा था कि यह एंट्री स्टाफ के लिए है। इसके बाद पायलट ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें चोट लगी और खून निकल आया।
पीड़ित ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर भी शेयर की है जिसमें उसके चेहरे से खून निकलता दिखाई दे रहा है। उसने डीजीसीए, एयर इंडिया और दिल्ली पुलिस को टैग कर न्याय की मांग की है।
edited by : Nrapendra Gupta