नई दिल्ली। आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार अरविंद केजरीवाल अपनी सीट नहीं बदलेंगे और एकबार फिर नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।
आप के वरिष्ठ नेता आशुतोष ने संवाददाताओं से कहा, ‘अरविंद केजरीवाल कहीं भी नहीं जा रहे हैं। वह नई दिल्ली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे और पार्टी उनके नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी।’’ आशुतोष पार्टी की दिल्ली इकाई के संयोजक भी हैं।
आशुतोष इस सवाल का जवाब दे रहे थे कि क्या केजरीवाल नई दिल्ली विधानसभा सीट से ही चुनाव लड़ेंगे या अपनी सीट बदलेंगे। पार्टी ने कल जो दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपने 22 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी उसमें उनका नाम नहीं था।
सूची में आप सरकार में मंत्री रहे सोमनाथ भारती, सत्येन्द्र जैन, सौरभ भारद्वाज और गिरीश सोनी का नाम है। इसमें हालांकि, केजरीवाल सरकार में मंत्री रहे मनीष सिसोदिया और राखी बिड़ला का नाम नहीं था। (भाषा)