Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

केजरीवाल का प्रधानमंत्री मोदी पर सबसे बड़ा हमला, कहा- देश को मुश्किल में डाल दिया, ट्रंप-मोदी रिश्तों पर भी बोले

Advertiesment
kejriwal modi
Kejriwal attack on PM Modi: आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने देश में गहराते एलपीजी (LPG) संकट को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोला है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के दबाव में काम कर रहे हैं और उनकी गलत विदेश नीति के कारण भारत आज ऊर्जा संकट और भारी बेरोजगारी की कगार पर खड़ा है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से इस्तीफे की भी मांग कर डाली।
 
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्र सरकार की विदेश नीति और देश में एलपीजी गैस की भारी किल्लत पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि भारत में गैस का उत्पादन 50% तक गिर गया है और आयात में भारी बाधा आ रही है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था चरमरा सकती है।
 
'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' बंद होने से हाहाकार
केजरीवाल ने तकनीकी आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि देश की 60 फीसदी गैस आयात होती है, जिसका 90 फीसदी हिस्सा 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' से आता था। युद्ध के कारण ईरान ने इसे बंद कर दिया है। ईरान अपने दोस्तों (रूस और चीन) को वहां से गुजरने दे रहा है, लेकिन भारत को नहीं, क्योंकि पीएम मोदी ने इजराइल और अमेरिका का पक्ष लेकर हमारे पुराने दोस्त ईरान को दुश्मन बना लिया है।

एक करोड़ नौकरियां दांव पर

केजरीवाल ने चेतावनी दी कि गैस की कमी के कारण देश में उद्योग और सेवा क्षेत्र ठप हो रहे हैं। मुंबई में 20% होटल बंद हो चुके हैं, जबकि तमिलनाडु में 10 हजार बंद होने की कगार पर हैं। राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत अन्य राज्यों में भी हालात ठीक नहीं है। गुजरात के मोरबी में टाइल्स कारोबार पर खतरा मंडरा रहा है। आने वाले दिनों में देश भर में 1 करोड़ से ज्यादा लोगों के बेरोजगार होने की संभावना है।

ट्रंप के गुलाम बन गए हैं पीएम मोदी

प्रधानमंत्री पर निजी हमला करते हुए केजरीवाल ने कहा कि 140 करोड़ लोगों के महान देश को मोदी ने अमेरिका की 'कॉलोनी' बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा लग रहा है कि पीएम मोदी ट्रंप के गुलाम बन गए हैं। ट्रंप जो आदेश देते हैं, मोदी सिर झुकाकर 'जी हुजूर' कहते हैं। चाहे रूस से तेल न खरीदना हो या कॉटन ड्यूटी हटाना, मोदी जी देश के नुकसान की परवाह किए बिना अमेरिकी आदेश मान रहे हैं।

'राज' खुलने का डर और इस्तीफे की मांग

केजरीवाल ने एक चौंकाने वाला दावा करते हुए कहा कि ट्रंप खुलेआम कह रहे हैं कि उनके पास मोदी जी का कोई ऐसा 'राज' है जिसे सार्वजनिक करने पर उनका करियर खत्म हो जाएगा। केजरीवाल ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री को ब्लैकमेल किया जा रहा है और उन्हें डर है, तो उन्हें तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए, लेकिन देश को बर्बाद करने का हक उन्हें नहीं है।

केजरीवाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस के मुख्‍य बिन्दु 

  • देश में गैस उत्पादन में 50% की गिरावट आई है और आपूर्ति ठप होने से हाहाकार मचा है।
  • भारत का 90% गैस आयात स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के रास्ते से होता था, जिसे युद्ध के कारण बंद कर दिया गया है।
  • ईरान रूस और चीन को रास्ता दे रहा है, लेकिन भारत को नहीं। पीएम मोदी ने पुराने दोस्त (ईरान) को दुश्मन बना लिया।
  • केजरीवाल ने कहा कि 75 साल पुरानी गुटनिरपेक्ष (Neutral) नीति को बदलकर पीएम ने अमेरिका-इजराइल का पक्ष लेकर देश को संकट में डाल दिया है। 
  • अकेले गुजरात के मोरबी में 1 लाख लोग बेरोजगार हुए। देश भर में 1 करोड़ से ज्यादा नौकरियां जाने का खतरा है।
  • मुंबई के 20% रेस्टोरेंट बंद हो चुके हैं और तमिलनाडु में 10 हजार होटल बंद होने की कगार पर हैं।
  • केजरीवाल ने पीएम मोदी को 'ट्रंप का गुलाम' बताते हुए कहा कि भारत अब अमेरिका की 'कॉलोनी' जैसा व्यवहार कर रहा है।
  • केजरीवाल ने दावा किया कि ट्रंप के पास मोदी जी का कोई 'राज' है, जिसके डर से पीएम देश के हितों के खिलाफ जाकर अमेरिकी आदेश (जी हुजूर) मान रहे हैं।
  • केजरीवाल ने कहा कि यदि प्रधानमंत्री किसी दबाव में हैं या उन्हें राज खुलने का डर है, तो उन्हें तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala 
 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

न्यूक्लियर वॉर की आशंका से खाड़ी देशों में हड़कंप, घर वापसी की होड़, दुबई एयरपोर्ट पर हजारों की लंबी कतारें




Akshaya Tritiya
Akshaya Tritiya