Lionel Messi in Delhi: लियोनेल मेसी के बहुप्रतीक्षित 'जीओएटी इंडिया टूर' की शुरुआत भले ही अव्यवस्थित ढंग से हुई, लेकिन समापन दिल्ली में शानदार तरीके से हुआ। दरअसल, कोलकाता में मेसी की झलक न पाकर प्रशंसक भड़क गए थे। हालांकि दिल्ली में 15 दिसंबर को लियोनल मेसी के ईवेंट में फैंस अपने चहेते खिलाड़ी की झलक पाकर खुश हो गए। हालांकि जैसे ही दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्टेडियम में प्रवेश किया वैसे ही वहां मौजूद लोगों ने 'AQI, AQI' के नारे लगाना शुरू कर दिया।
एक्यूआई 500 से ऊपर : उल्लेखनीय है इस समय दिल्ली की हवा जहरीली बनी हुई है। सोमवार को भी राजधानी दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 500 से ऊपर दर्ज किया गया। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने प्रदूषण को लेकर मजेदार कमेंट किए। मेसी के दिल्ली आने पर प्रदूषण (Smog) इतना ज्यादा था कि उनकी फ्लाइट में भी देरी से पहुंची। सोशल मीडिया पर लोगों ने सवाल किया- मेसी, आपका दिल्ली में स्वागत है! सुना है आपके बाएं पैर का इंश्योरेंस 900 मिलियन डॉलर का है, पर आपके लंग्स (फेफड़ों) का क्या?
दिल्ली की असली हवा का अनुभव : दूसरी ओर, मुंबई में ईवेंट साफ सुथरा रहा, लेकिन दिल्ली में मेसी का स्वागत घने कोहरे और प्रदूषण ने किया, जिसे लेकर लोगों ने कहा कि मेसी को दिल्ली की असली हवा का अनुभव मिल गया। कई लोगों ने मजाक में यह भी लिखा कि मेसी के कुल गोल से ज्यादा दिल्ली का AQI (Air Quality Index) है। कई फैंस ने सोशल मीडिया पर लिखा कि GOAT (Greatest of All Time) को भी दिल्ली में मास्क की जरूरत पड़ेगी।
धन्यवाद दिल्ली : मेस्सी ने स्टेडियम पहुंचने के बाद मैदान का एक चक्कर लगाया और मैच को खत्म होते देखा। स्टेडियम में ज्यादातर दर्शक अर्जेंटीना की प्रसिद्ध नीली और सफेद जर्सी (नंबर 10) पहने हुए थे और मेसी के समर्थन में लगातार नारे नारा लगा रहे थे। इस अवसर पर स्पेनिश भाषा में मेसी ने कहा कि ग्रासियस दिल्ली! हास्ता प्रोंतो (धन्यवाद दिल्ली, जल्द मिलते हैं)।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala