Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

कॉकरोच जनता पार्टी ने मचाया सोशल मीडिया पर धमाल, 3 दिन में 1 लाख युवा जुड़े

Advertiesment
cockroach janta party
चीफ जस्टिस (CJI) सूर्यकांत की एक कथित टिप्पणी से जन्मी एक व्यंग्यात्मक राजनीतिक पार्टी अब सोशल मीडिया पर वायरल आंदोलन बन चुकी है। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) नाम की इस पार्टी ने लॉन्च होने के महज तीन दिनों के भीतर करीब 1 लाख से ज्यादा साइनअप हासिल कर लिए हैं। इस पार्टी की स्थापना 16 मई को अभिजीत दिपके ने की। पार्टी खुद को 'युवाओं का, युवाओं द्वारा, युवाओं के लिए राजनीतिक मोर्चा' बता रही है।

यह पहल उस विवाद के एक दिन बाद सामने आई, जिसमें भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत पर आरोप लगा कि उन्होंने पत्रकारिता, कानून और आरटीआई एक्टिविज्म में आने वाले बेरोजगार युवाओं की तुलना 'कॉकरोच' और 'पैरासाइट' से की थी। हालांकि बाद में सीजेआई ने सफाई देते हुए कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया, लेकिन तब तक सोशल मीडिया पर यह मुद्दा तेजी से फैल चुका था।
 

क्या है कॉकरोच जनता पार्टी का नारा?

कॉकरोच जनता पार्टी का नारा 'सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक, लेजी' रखा गया है, जो एक तरफ राजनीतिक व्यंग्य को दर्शाता है तो दूसरी ओर युवाओं की निराशा और गुस्से को भी सामने लाता है। पार्टी में शामिल होने के लिए पूछे जा रहे सवालों में बेरोजगार होना, आलसी होना, हमेशा ऑनलाइन रहना और 'प्रोफेशनल तरीके से शिकायत करने की क्षमता' जैसी बातें शामिल हैं।
 

इन दिग्गजों ने दिखाई दिलचस्पी

सोशल मीडिया पर पार्टी को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। CJP के एक्स (पूर्व ट्विटर) पर 38 हजार से अधिक फॉलोअर्स और इंस्टाग्राम पर करीब 4.2 लाख फॉलोअर्स हो चुके हैं। महुआ मोइत्रा और कीर्ति आजाद जैसे नेताओं ने भी पार्टी में शामिल होने में रुचि दिखाई है। सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि भारद्वाज और पूर्व सिविल सेवक आशीष जोशी ने भी पार्टी की पोस्ट्स पर प्रतिक्रिया दी है।
 

एआई-जनरेटेड एंथम भी जारी

पार्टी ने हाल ही में एक एआई-जनरेटेड एंथम भी जारी किया है, जिसके बोल हैं- 'वी आर कॉकरोच पार्टी, वी आर चिल्ड्रेन ऑफ अ बर्निंग सिटी।' इसके अलावा पार्टी जल्द ही अपना पहला वर्चुअल GenZ कन्वेंशन आयोजित करने की तैयारी कर रही है, जिसमें युवाओं को आयोजन और समन्वय में शामिल होने का न्योता दिया गया है। 
 

क्या है चुनाव चिन्ह?

कॉकरोच जनता पार्टी ने अपना चुनाव चिन्ह मोबाइल फोन घोषित किया है। पार्टी का पांच सूत्रीय घोषणापत्र भी चर्चा में है, जिसमें तीखे राजनीतिक संदेशों के साथ व्यंग्य का मिश्रण देखने को मिलता है।
 

क्यों चर्चा में है घोषणापत्र?

घोषणापत्र में मांग की गई है कि कोई भी मुख्य न्यायाधीश रिटायरमेंट के बाद राज्यसभा सीट न पाए। संसद और कैबिनेट में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण मिले, लेकिन सदनों की कुल सीटें न बढ़ाई जाएं। साथ ही दल-बदल करने वाले सांसदों और विधायकों पर 20 साल तक चुनाव लड़ने पर रोक लगाने की बात कही गई है।
 
इसके अलावा पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि किसी वैध वोट को हटाया जाता है तो मुख्य चुनाव आयुक्त पर यूएपीए के तहत कार्रवाई हो। पार्टी ने अंबानी और अडानी समूह के स्वामित्व वाले मीडिया हाउसों के ब्रॉडकास्ट लाइसेंस रद्द करने की भी मांग की है।
 
सीजेपी ने परीक्षा में गड़बड़ियों से प्रभावित छात्रों का भी समर्थन किया है। पार्टी का कहना है कि यदि बोर्ड अपनी गलती सुधारने के लिए छात्रों से रीचेकिंग फीस लेता है, तो यह 'खुला भ्रष्टाचार' है। इसलिए CBSE को रीचेकिंग फीस खत्म करनी चाहिए।
 
 फिलहाल यह कहना मुश्किल है कि यह केवल सोशल मीडिया ट्रेंड है या भविष्य का बड़ा राजनीतिक आंदोलन, लेकिन इतना तय है कि इसने उस युवा पीढ़ी का ध्यान खींच लिया है, जो खुद को व्यवस्था से निराश महसूस कर रही है।
Edited by : Sudhir Sharma

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

डेढ़ साल बाद फ्रांस में मिलेंगे पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप, जून में 2 दोस्तों की मुलाकात पर दुनिया की नजरें