Publish Date: Fri, 22 May 2026 (17:59 IST)
Updated Date: Fri, 22 May 2026 (18:04 IST)
सोशल मीडिया के हर प्लेटफॉम पर अभी Cockroach Janta Party की इमेज, वीडियो और एआई से बने सांग्स वायरल हो रहे हैं। इसकी लोकप्रियता देख सियासी गलियारों में भी हलचल मची हुई। CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके की बढ़ती लोकप्रियता ने उनके माता-पिता की चिंता बढ़ा दी है। अभिजीत दिपके माता-पिता को आखिर किस बात का डर सता रहा है।
दरअसल, कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत भारत के मुख्य न्यायाधीश Surya Kant की एक टिप्पणी के बाद हुई थी। उन्होंने बेरोजगार युवाओं का जिक्र करते हुए “parasites” और “cockroaches” जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था, जिसके बाद अभिजीत दिपके ने इस व्यंग्यात्मक राजनीतिक मंच की शुरुआत की। पार्टी का अधिकांश कंटेंट युवाओं से जुड़े मुद्दों जैसे बेरोजगारी, परीक्षा पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था पर केंद्रित है। इसके संदेश ग्राफिक्स, एनीमेशन, पैरोडी घोषणापत्र और चार्टर शैली की मांगों के जरिए सोशल मीडिया पर पेश किए जाते हैं।
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में रहने वाले भगवान दिपके और अनीता दिपके ने एक मराठी न्यूज चैनल से बातचीत में कहा कि वे नहीं चाहते कि उनका बेटा राजनीति में जाए। उन्होंने बताया कि उन्होंने बताया कि बेटे की नई राजनीतिक पहल के बारे में जानने के बाद से उनकी नींद उड़ गई है और उन्हें डर है कि कहीं उसे गिरफ्तार न कर लिया जाए या किसी अन्य परेशानी का सामना न करना पड़े।
अपने करियर पर ध्यान दे बेटा
अभिजीत दिपके के पिता भगवान दिपके ने टीवी चैनल से कहा कि आजकल की राजनीति को देखें तो डर लगना स्वाभाविक है, चाहे उसके कितने भी फॉलोअर्स हों। एक इंटरव्यू में उसने खुद कहा था कि भारत लौटने पर उसे गिरफ्तारी का डर है। हम अखबारों में ऐसी घटनाएं पढ़ते रहते हैं। उनकी मां अनीता दिपके ने साफ कहा कि वे नहीं चाहतीं कि उनका बेटा राजनीति में जाए और चाहती हैं कि वह अपने करियर पर ध्यान दे। राजनीति में आगे रहना या नहीं रहना उसका फैसला होगा, लेकिन हम नहीं चाहते कि वह इस रास्ते पर जाए। मुझे नहीं पता वह हमारी बात मानेगा या नहीं, लेकिन मैं उसका समर्थन नहीं करूंगी। मैं उसके लिए चिंतित हूं।
AAP के साथ काम कर चुके हैं अभिजीत
अनीता दिपके ने बताया कि जब अभिजीत पहले आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ काम कर रहे थे, तब भी उन्होंने उन्हें राजनीति से दूर रहने की सलाह दी थी। उन्होंने कहा कि मेरे पोते ने बताया कि उसके सोशल मीडिया पर देश के कई बड़े लोगों से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। पहले वह AAP के साथ भी काम कर चुका है। तब भी मैंने उससे कहा था कि हमारा राजनीति से कोई संबंध नहीं है और उसे नौकरी या सेवा क्षेत्र में करियर बनाना चाहिए।
पिता को राजनीति से नफरत, पड़ोसियों से पता चली बात
अभिजीत दिपके के माता-पिता ने कहा कि शुरुआत में उन्हें पार्टी बनने की जानकारी नहीं थी। उन्हें इसके बारे में पड़ोसियों से पता चला। बाद में उनके पोते-पोतियों ने बताया कि पार्टी के सोशल मीडिया फॉलोअर्स तेजी से बढ़ रहे हैं और यह कई बड़े नेताओं व राजनीतिक दलों से आगे निकल चुकी है।
भगवान दिपके ने कहा कि सोशल मीडिया पर CJP की अचानक बढ़ती लोकप्रियता ने उन्हें बेहद परेशान कर दिया है। उन्होंने कहा कि मैं इसलिए चिंतित हूं क्योंकि वह अब मशहूर हो गया है और ऐसे लोगों को गिरफ्तार भी किया जाता है। पिछले दो रातों से मैं सो नहीं पाया हूं। मुझे राजनीति से नफरत है और इसमें मेरी कोई दिलचस्पी नहीं है। Edited by : Sudhir Sharma
About Writer
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें