Publish Date: Fri, 22 May 2026 (16:25 IST)
Updated Date: Fri, 22 May 2026 (16:40 IST)
कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach Janta Party) सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। पार्टी लॉन्च होने के महज एक हफ्ते के भीतर इंस्टाग्राम पर 2 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स जुटाकर CJP ने दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा को भी पीछे छोड़ दिया है। इसके बाद से दिपके लगातार सोशल मीडिया पर उठ रहे सवालों और आरोपों का जवाब देने में जुटे हैं। इस पर लगातार आरोप लग रहे हैं। ताजा आरोप पाकिस्तान कनेक्शन का है। जिसका अभिजीत दिपके ने जवाब दिया है।
फॉलोअर्स पाकिस्तान से
आरोप लगाया जा रहा है कि पार्टी के बड़ी संख्या में इंस्टाग्राम फॉलोअर्स पाकिस्तान से हैं। इस मुद्दे को भाजपा युवा मोर्चा के महासचिव तजिंदर बग्गा और पार्टी के अन्य प्रवक्ताओं ने भी जोर-शोर से उठाया। बग्गा ने CJP को 'पाकिस्तान जनता पार्टी' बताते हुए इंस्टाग्राम फॉलोअर्स का कथित देशवार डेटा शेयर किया।
इस डेटा के मुताबिक पार्टी के 49 प्रतिशत फॉलोअर्स पाकिस्तान से 14 प्रतिशत अमेरिका से और 14 प्रतिशत बांग्लादेश से बताए गए। यानी कुल 77 प्रतिशत फॉलोअर्स भारत के बाहर के बताए गए। भारत चौथे स्थान पर रहा, जहां से केवल 9 प्रतिशत फॉलोअर्स होने का दावा किया गया।
भाजपा नेता प्रीति गांधी ने भी इस डेटा को शेयर करते हुए X पर लिखा कि जब आपका सबसे बड़ा फैनबेस सीमा पार दुश्मन देश में बैठा हो, तो शायद अब यह दिखावा बंद कर देना चाहिए कि आप वास्तव में किसके लिए बोल रहे हैं। वहीं सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने दावा किया कि CJP के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की संख्या तेजी से बढ़ रही है, लेकिन X पर वैसी बढ़ोतरी नहीं दिख रही। कई लोगों ने इसे बॉट्स या विदेशों के निष्क्रिय अकाउंट्स का खेल बताया।
अभिजीत दिपके ने शेयर किया डेटा
अभिजीत दिपके ने 'असली डेटा' शेयर करते हुए दावा किया कि CJP के 94 प्रतिशत इंस्टाग्राम फॉलोअर्स भारत से हैं, जबकि अमेरिका से 1 प्रतिशत और ब्रिटेन से 0.7 प्रतिशत फॉलोअर्स हैं। दिपके ने X पर लिखा कि मुझे पता है कि आप अकाउंट हैक करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जब उसमें सफल नहीं हुए तो मैं असली डेटा साझा कर रहा हूं। आप 94 प्रतिशत भारतीय युवाओं को पाकिस्तानी कैसे कह सकते हैं?
बनाया था नया एक्स अकाउंट
गुरुवार को CJP का X अकाउंट भारत में ब्लॉक कर दिया गया था। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार यह कार्रवाई इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) की ओर से 'राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं' के इनपुट के बाद केंद्र सरकार के निर्देश पर की गई। अकाउंट ब्लॉक होने से पहले उसके 2 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। हालांकि यह अकाउंट भारत के बाहर अब भी एक्सेस किया जा सकता है।
इसके कुछ घंटों बाद अभिजीत दिपके ने X पर नया हैंडल 'Cockroach Is Back' बनाया, जिसने बेहद कम समय में करीब 1.56 लाख फॉलोअर्स जुटा लिए। इस नए अकाउंट को महुआ मोइत्रा, सागरिका घोष, गुल पनाग और प्रशांत भूषण जैसी हस्तियों ने भी फॉलो किया। Edited by : Sudhir Sharma
About Writer
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें