Publish Date: Wed, 11 Feb 2026 (23:14 IST)
Updated Date: Wed, 11 Feb 2026 (23:52 IST)
पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे के संस्मरण 'फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी' के प्रकाशन से पहले कथित तौर पर लीक होने के मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस ने प्रकाशक 'पेंग्विन रैंडम हाउस इंडिया' को नोटिस जारी कर जांच में शामिल होने के लिए कहा है। मीडिया खबरों के मुताबिक स्पेशल सेल की एक टीम बुधवार को गुरुग्राम में पेंगुइन इंडिया के दफ्तर पहुंची थी।
स्पेशल सेल ने मांगा जवाब
स्पेशल सेल ने इस नोटिस के जरिए प्रकाशन गृह से कई सवाल पूछे हैं और उनके प्रतिनिधियों को जांच में शामिल होने का निर्देश दिया है। बता दें कि किताब के प्रेस में जाने से पहले ही इसके कुछ अंश लीक होने के आरोप में पुलिस ने पहले ही मामला दर्ज कर लिया था। यह विवाद मुख्य रूप से किताब में 2020 की गलवान घाटी झड़प के घटनाक्रमों के वर्णन को लेकर उपजा है।
FIR में जुड़ीं आपराधिक साजिश की धाराएं
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में दर्ज FIR में अब 'आपराधिक साजिश' (Criminal Conspiracy) से जुड़ी धाराएं भी जोड़ दी हैं। इसके साथ ही जांच का दायरा काफी बढ़ गया है। स्पेशल सेल अब डिजिटल साक्ष्यों और इस कथित लीक से जुड़े संदिग्ध व्यक्तियों की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है।
पेंग्विन इंडिया ने क्या कहा
विवाद बढ़ता देख पेंग्विन रैंडम हाउस ने मंगलवार को एक स्पष्टीकरण जारी किया। प्रकाशक ने कहा कि किसी किताब की घोषणा करना या उसे 'प्री-ऑर्डर' के लिए उपलब्ध कराने का मतलब यह नहीं है कि किताब प्रकाशित हो चुकी है। Edited by : Sudhir Sharma