Bomb Threat in courts: मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, ओडिशा समेत कई राज्यों में गुरुवार को अदालतों में ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सुरक्षा को देखते हुए तत्काल सभी न्यायालय परिसरों को खाली कराया गया। न्यायालयों में मौजूद न्यायाधीश, अधिवक्ता, कर्मचारी और आम नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।
छत्तीसगढ़ में बिलासपुर और राजनांदगांव जिला न्यायालय, जबकि मध्यप्रदेश में रीवा जिला कोर्ट को धमकी भरा ई-मेल भेजा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्कवॉड मौके पर पहुंच गया और कोर्ट परिसर की सघन तलाशी ली।
बिहार के पटना, गयाजी, किशनगंज की जिला अदालतों में भी बम की धमकी दी गई है। पटना में अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजे गए इस ई-मेल में दावा किया गया कि कोर्ट परिसर में RDX विस्फोटक लगाया गया है। सूचना मिलते ही जिला जज ने तुरंत आदेश जारी किया और पूरा सिविल कोर्ट परिसर खाली कराया गया। परिसर में मौजूद न्यायाधीश, अधिवक्ता, कर्मचारी और आम जनता को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
गया सिविल कोर्ट में भी बम होने की सूचना पर जिला प्रशासन ने सतर्कता के तौर पर कोर्ट कैंपस को खाली करवा दिया है। कोर्ट परिसर की सुरक्षा सख्त कर दी गई है।
ओडिशा हाईकोर्ट में भी ईमेल के जरिए बम धमाके की धमकी मिली है। एहतियात के तौर पर उच्च न्यायालय के परिसर को खाली कराया गया है। इसके साथ ही कोर्ट कैंपस में सर्च ऑपरेशन जारी है। मौके पर डॉग स्क्वाड की टीम पहुंच चुकी है। बम की खबर से कोर्ट में अफरा-तफरा का माहौल बन गया।
हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। हाई कोर्ट की ऑफिशल ईमेल पर यह धमकी आई है। इसके बाद पुलिस व प्रशासन तुरंत हरकत में आ गए। बम डिफ्यूज स्क्वाड टीम मौके पर पहुंच गई। हाई कोर्ट के हर एक हिस्से की गहनता से जांच की गई। परिसर को खाली कर सारा स्टाफ व अधिवक्ता कोर्ट परिसर से बाहर आ गए। पुलिस व बम स्क्वाड टीम ने कोर्ट परिसर का चप्पा-चप्पा छाना है।
edited by : Nrapendra Gupta