Publish Date: Thu, 19 Feb 2026 (14:34 IST)
Updated Date: Thu, 19 Feb 2026 (14:38 IST)
Rahul Gandhi Threat News: खुद को गोरक्षक और करणी सेना का कार्यकर्ता बताने वाले एक शख्स ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस के सांसदों को खुली धमकी दी है। उसने कहा कि राहुल और कांग्रेस सांसदों पर कार्रवाई नहीं हुई तो राहुल और कांग्रेस सांसदों को घर में घुसकर गोली मार देंगे। यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। हालांकि इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि इस वीडियो बनाने वाले पर शासन-प्रशासन ने कोई कार्रवाई की है या नहीं।
इस व्यक्ति का कहना है कि संसद में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ कांग्रेस सांसदों ने जो अभद्रता की है, उसको लेकर वह गुस्सा है। उसका आरोप है कि कांग्रेस सांसदों ने ओम बिरला के साथ गाली-गलोज की। उसे इस बात की जानकारी किरेन रिजिजू के बयान से लगी। उसने 25 सांसदों के घरों में तोड़फोड़ की बात भी कही है।
कहीं राहुल की हत्या की साजिश तो नहीं?
हालांकि सोशल मीडिया पर इस व्यक्ति के प्रति लोगों में काफी गुस्सा दिखाई दिया। अभिषेक द्विवेदी ने लिखा- उनको ही क्यों, जो बीजेपी का विरोध करे उसको गोली मार दीजिए, 37% जनसंख्या रह जाएगी, मोदी जी आदेश दे डालिए अपने गुर्गों को कि खत्म करो विपक्ष। वहीं, वेदप्रकाश विद्रोही ने लिखा- राहुल गांधी जी की हत्या की खुलेआम धमकी बहुत ही गंभीर मामला! उससे भी गंभीर बात यह जिस भाजपा कार्यकर्ता ने यह धमकी बाकायदा वीडियो जारी करके दी है, उसके खिलाफ अभी तक कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई! इसका तो यही अर्थ, भाजपा-संघ राहुल गांधी की हत्या करने का कहीं षड्यंत्र तो नहीं रच रहे?
यह आतंकवाद से कम नहीं
हेमेन्द्र मालवीय ने लिखा- ऐसे गुंडों की हिम्मत देखिए, ये ऐसे मानसिक बनाए गए गुंडे हैं, नेता प्रतिपक्ष समेत 25 सांसदों को गोली मारने की खुलेआम धमकी दे रहा है। UAPA जैसे क़ानून क्या सिर्फ दलितों, मुसलमानों और आदिवासियों के लिए बने हैं, देश के सांसदों को मारने की धमकी देना क्या किसी आतंकवाद से कम है? सुनील कुमार ने लिखा- ऐसे पागल को भाजपा जितना जल्द हो जेल में बंद कर दे, अन्यथा जनता ऐसे पागलों का इलाज रोड पर खींच कर करेगी और इसका जिम्मेदारी भी भाजपा की ही होगी। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी राहुल गांधी को धमकी मिल चुकी हैं। (हम इस व्यक्ति का वायरल वीडियो नहीं दिखा रहे हैं, ताकि इसे अनावश्यक प्रचार न मिले)
Edited by: vrijendra Singh Jhala