Publish Date: Mon, 02 Mar 2026 (16:49 IST)
Updated Date: Mon, 02 Mar 2026 (16:52 IST)
देश की राजधानी में बम की धमकी से एक बार फिर हड़कंप मच गया है। दिल्ली के 3 बैंकों और 6 स्कूलों को सोमवार को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इसके बाद कई सुरक्षा दलों को इन परिसरों में भेजा गया और व्यापक तलाश अभियान शुरू किया गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) ने बताया कि जिन बैंकों को धमकियां मिलीं उनमें कनॉट प्लेस स्थित एक्सिस बैंक की शाखा, भारतीय स्टेट बैंक की एम्स शाखा और पूर्वी दिल्ली के शाहदरा स्थित एसबीआई की शाखा शामिल हैं।
स्कूल परिसर में प्रशासन द्वारा ईमेल देखे जाने के तुरंत बाद एहतियात के तौर पर छात्रों और कर्मचारियों को बाहर निकाल लिया गया। अभिभावकों को सूचित कर दिया गया और उनसे नहीं घबराने का अनुरोध किया गया, जबकि सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर में तलाशी शुरू कर दी। जिन 6 स्कूलों को इसी तरह के धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए उनमें दिल्ली कैंट का आर्मी पब्लिक स्कूल, सलवान पब्लिक स्कूल, सरदार पटेल विद्यालय, जनकपुरी का मीरा पब्लिक स्कूल, रामजस पब्लिक स्कूल और राजेंद्र नगर का रामजस स्कूल शामिल हैं।
डीएफएस के मुताबिक संस्थानों को ईमेल प्राप्त होने के बाद सुबह से बम की धमकियों से संबंधित कॉल आने शुरू हो गए। दिल्ली पुलिस के मुताबिक स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ते, खोजी दल और दमकल विभाग की टीमों को तुरंत अलग-अलग स्थानों पर भेजा गया। विध्वंसक रोधी विस्तृत जांच चल रही है। Edited by : Sudhir Sharma