Kotdwar Baba Shop Name Controversy: कोटद्वार पटेल मार्ग पर एक कपड़े की दुकान के नाम को लेकर उभरा विवाद बढ़ता ही जा रही है। अब मामले में राहुल गांधी ने भी ट्वीट किया है। राहुल गांधी ने मोहम्मद दीपक को हीरो बताया है। दीपक का पूरा नाम दीपक कारकी है, लेकिन जब बजरंग दल के कार्यकर्ता दुकान के बोर्ड के विरोध में पहुंचे तो दीपक ने खुद को मोहम्मद दीपक बताते हुए हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं से बहस की थी।
बता दें कि कोटद्वार में मुस्लिम समुदाय की दुकान का नाम बाबा रखे जाने पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जम कर हंगामा किया था। इस पर दुकान के बगल में ही जिम चलाने वाले दीपक ने इसका विरोध किया और अपना नाम मोहम्मद दीपक बताकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को वहां से चले जाने के लिए कहा था। इसके बाद से ही यह मामला वायरल है।
राहुल गांधी ने बताया देश का हीरो : राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लंबा पोस्ट लिखा है। पोस्ट की कुछ शुरुआती लाइन हैं- उत्तराखंड के दीपक भारत के हीरो हैं। दीपक संविधान और इंसानियत के लिए लड़ रहे हैं - उस संविधान के लिए जिसे BJP और संघ परिवार रोज़ रौंदने की साज़िश कर रहे हैं। वे नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान का जीवित प्रतीक हैं और यही बात सत्ता को सबसे ज़्यादा चुभती है। पिछले काफी समय से कोटद्वार में कपड़ों की दुकान 'बाबा ड्रेस' के नाम को लेकर विवाद चल रहा था, जहां बजरंग दल से जुड़े कार्यकर्ता, दुकान मालिक मोहम्मद शोएब पर दुकान का नाम बदलने का दबाव डाल रहे थे।
मोहम्मद दीपक पर एफआईआर दर्ज : इस पूरे प्रकरण में दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर सौंपी गई थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने मोहम्मद दीपक उर्फ दीपक कारकी के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 191(1), 351(2) और 352 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल दर्ज की गई सभी धाराएं जमानती हैं।
क्या है पूरा विवाद : उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद के कोटद्वार में एक दुकान के नाम को लेकर जमकर हंगामा हुआ। कोटद्वार में एक दुकान का नाम बाबा रखे जाने का विरोध बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने किया था। घटना के बाद एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में दिख रहे शख्स ने अपना नाम मोहम्मद दीपक बताया था। दीपक ने कहा, 'हम अपने दोस्तों के साथ 26 जनवरी के दिन इंजॉय कर रहे थे तभी बगल में देखा कि एक बुजुर्ग व्यक्ति की दुकान में कुछ बजरंग दल के लोग आए और उन्होंने बुजुर्ग शख्स के साथ काफी बदतमीजी की। हमने उनसे पूछा की दुकान का नाम क्यों बदलना है वह नाम को लेकर बोल रहे थे तो उन्होंने कहा कि यह बाबा नाम हमारे सिद्धबली बाबा का नाम है, मैंने उनको बोला की बाबा तो हर जाति में लिखा जाता है बच्चों को भी बाबा बोला जाता है, बुजुर्गों के बाबा बोला जाता है। जब उन्होंने मुझ से मेरा नाम पूछा तो वैसे तो मेरा नाम दीपक कुमार है, लेकिन मैंने उनको अपना नाम मोहम्मद दीपक बता दिया वह मैंने इसलिए कहा कि हिंदू मुस्लिम सब एक हैं।
सोशल मीडिया में छाया वीडियो : सोशल मीडिया में अभी यह वीडियो छाया हुआ है। कोटद्वार के पटेल मार्ग में समुदाय विशेष के शोएब अहमद नाम के व्यक्ति ने कपड़ों की दुकान खोली है। बाबा स्कूल ड्रेस एंड मैचिंग सेंटर के नाम से चल रही इस दुकान का विरोध करते हुए कुछ बजरंग दल के कार्यकर्ता नाराजगी जताते हुए दुकान पर पहुंच गए थे। वहां मौजूद समुदाय विशेष के बुजुर्ग व्यक्ति से दुकान का नाम बदलने की बात कहने लगे। दुकानदार का कहना था कि उनकी दुकान पिछले 30 सालों से इसी नाम से चल रही है।
दुकानदार ने कहा कि बोर्ड पर अपना नाम शोएब अहमद भी लिखा हुआ है।
बहस और हाथापाई : दीपक इस पर कहते दिखते हैं कि अगर मुस्लिम है तो उसे क्या फर्क पड़ता है? मुसलमानों में क्या पीर बाबा नहीं होते? इसके बाद दीपक और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर बहस हुई। बहस बढ़ते-बढ़ते हाथापाई तक पहुंच गई। दीपक और उसके अन्य साथियों ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को दुकान से धक्के देकर बाहर कर दिया।
Edited By: Naveen R Rangiyal