Publish Date: Fri, 20 Feb 2026 (19:20 IST)
Updated Date: Fri, 20 Feb 2026 (19:27 IST)
राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट' (India AI Impact Summit) शुक्रवार को उस समय विवादों में घिर गया, जब यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी और भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में 'शर्टलेस' होकर प्रदर्शन किया। इस घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में भूचाल आ गया है, खासकर तब जब मुख्य आरोपी की राहुल गांधी के साथ एक पुरानी तस्वीर सामने आई है।
भाजपा ने इस विरोध प्रदर्शन को कांग्रेस की एक सोची-समझी साजिश करार दिया है। बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने 'एक्स' पर एक तस्वीर शेयर की। इसमें मुख्य आयोजक नरसिम्हा यादव, राहुल गांधी के साथ 'भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान नजर आ रहे हैं।
अमित मालवीय ने निशाना साधते हुए कहा कि नरसिम्हा यादव की राहुल गांधी के साथ फोटो इस बात में कोई शक नहीं छोड़ती कि यह हंगामा अचानक नहीं हुआ, बल्कि इसे बाकायदा प्लान किया गया था। अंतरराष्ट्रीय मंच पर ऐसी नौटंकी केवल भारत की छवि खराब करती है। लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन दुनिया के सामने भारत को शर्मिंदा करना बर्दाश्त नहीं।
4 प्रदर्शनकारी गिरफ्तार
मीडिया खबरों के मुताबिक इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्हें पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा। ठंड का फायदा उठाकर दिया चकमा, QR कोड से ली एंट्री
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने बहुत चालाकी से समिट के भीतर प्रवेश किया था:
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन: आरोपियों ने समिट के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था और QR कोड स्कैन कर वैध तरीके से हॉल में घुसे।
कपड़ों के नीचे छिपाई आपत्तिजनक टी-शर्ट: दिल्ली पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने आपत्तिजनक नारों वाली टी-शर्ट पहनी थी, जिसे छिपाने के लिए ऊपर से स्वेटर और जैकेट डाल रखी थी। दोपहर करीब 12.30 बजे, हॉल नंबर 5 के पास पहुंचते ही उन्होंने अपने स्वेटर और जैकेट उतार दिए और टी-शर्ट लहराते हुए नारेबाजी शुरू कर दी।
क्यों हो रहा है विरोध?
यूथ कांग्रेस के इन कार्यकर्ताओं का आरोप है कि भारत और अमेरिका के बीच होने वाली प्रस्तावित ट्रेड डील भारत की संप्रभुता (Sovereignty) के साथ समझौता है। इसी मांग को लेकर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की। Edited by : Sudhir Sharma