Publish Date: Thu, 02 Apr 2026 (11:34 IST)
Updated Date: Thu, 02 Apr 2026 (12:15 IST)
अमेरिका इजराइल और ईरान के बीच 34 दिनों से चल रही भीषण जंग से पैदा हुए वैश्विक संकट के बीच केंद्र सरकार ने पेट्रोकेमिकल उत्पादों से आयात शुल्क हटा दिया है। उर्वरक कंपनियों को बड़ी राहत देते हुए अमोनियम नाइट्रेट पर लगने वाले आयात शुल्क में भी छूट देने का ऐलान किया है। यह छूट 30 जून तक लागू रहेगी। इससे प्लास्टिक का सामान, कपड़े और दवाओं समेत कई वस्तुओं के दाम बढ़ने से रोकने में मदद मिलेगी।
ALSO READ: ट्रंप का दावा: 4 हफ्तों में ईरान की सेना तबाह, परमाणु ठिकानों पर भी अमेरिका का बड़ा एक्शन
वित्त मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक करीब 40 तरह के पेट्रोकेमिकल कच्चे माल और मध्यवर्ती उत्पादों के आयात पर शुल्क खत्म कर दिया गया है। इसमें अमोनियम नाइट्रेट, मेथनॉल, फिनॉल, पीवीसी और पॉलीप्रोपाइलीन जैसे कई अहम रसायन शामिल हैं। इससे वैश्विक संकट के बीच उद्योगों को राहत मिल सकेगी।
सरकार के इस फैसले से खास तौर पर उर्वरक कंपनियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अमोनियम नाइट्रेट जैसे रसायन खाद बनाने में बहुत जरूरी होते हैं। इससे उत्पादन लागत कम होगी और आपूर्ति व्यवस्था पर दबाव भी घटेगा। अमोनियम नाइट्रेट से कृषि ढांचा और विकास उपकर भी हटा दिया गया है।
इन प्रोडक्ट पर मिली छूट
एनहाइड्रस अमोनिया, टोल्यून, स्टाइरीन, डाइक्लोरोमीथेन, विनाइल क्लोराइड मोनोमर, मेथनॉल, आइसोप्रोपाइल अल्कोहल, मोनोएथिलीन ग्लाइकोल (MEG), फिनाइल आदि। एसिटिक एसिड, विनाइल एसीटेट मोनोमर, प्यूरीफाइड टेरेफ्थैलिक एसिड (PTA), अमोनियम नाइट्रेट, एथिलीन पॉलिमर, एपॉक्सी रेजिन, फॉर्मल्डिहाइड, यूरिया-फॉर्मल्डिहाइड, मेलामाइन-फॉर्मल्डिहाइड जैसे प्रोडक्ट भी लिस्ट में शामिल हैं।
इन उद्योंगों को मिलेगा फायदा
पेट्रोकेमिकल और प्लास्टिक कच्चे माल पर शुल्क हटने से पैकेजिंग, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक और उपभोक्ता सामान बनाने वाले क्षेत्रों को फायदा होगा। उच्च स्तरीय इंजीनियरिंग सामग्री का उपयोग अंतरिक्ष, रक्षा, चिकित्सा उपकरण और इलेक्ट्रॉनिक्स में होता है। इसके अलावा कई रसायनों का इस्तेमाल पीवीसी पाइप, पेंट, कोटिंग और इंसुलेशन सामग्री बनाने में भी होता है।
वाहन उद्योग में प्लास्टिक के पुर्जे और सीट फोम बनाने में भी इन रसायनों का उपयोग होता है। जिन उत्पादों पर शुल्क हटाया गया है, उनमें कई ऐसे रसायन भी हैं जिनका उपयोग दवा उद्योग में होता है, जिससे दवाइयों के उत्पादन में आसानी बनी रहेगी। अमोनियम नाइट्रेट पर शुल्क हटने से खाद की उपलब्धता बनी रहेगी और उसकी कीमतों को स्थिर रखने में मदद मिलेगी।
edited by : Nrapendra Gupta
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
Publish Date: Thu, 02 Apr 2026 (11:34 IST)
Updated Date: Thu, 02 Apr 2026 (12:15 IST)