मध्यप्रदेश के ग्वालियर की दबंग लेडी आईपीएस एक बार फिर से चर्चा में हैं। इस बार ग्वालियर की सडकों पर उन्होंने अपना सख्त अंदाज दिखाया है। दरअसल, एक कार चालक द्वारा अपने रिश्तेदारों के रसूख का हवाला देने पर अनु बेनीवाल ने जो कहा, उसका वीडियो काफी वायरल हो रहा है।
बता दें कि मध्य प्रदेश के ग्वालियर में 31st नाइट और नए साल को लेकर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर भर में चेकिंग अभियान चला रही है। शहर के होटल लॉज रेलवे स्टेशन बस स्टैंड सहित सभी जगह पुलिस हुड़दंगियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं। इसके साथ वाहनों की भी सघन चेकिंग की जा रही है। वाहनों की चेकिंग के लिए खुद IPS अफसर अनु बेनीवाल सड़कों पर उतरी हुई हैं। इस दौरान जब एक कार चालक ने अपने रिश्तेदारों के रसूख का हवाला दिया तो अनु बेनीवाल ने कहा— तुम्हारे फूफा चाहे प्रेसिडेंट हो तो भी चालान तो होगा ही। उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
नियम तोड़ रहे थे वाहन चालक : दरअसल, ग्वालियर में IPS अनु बेनीवाल वाहनों की चेकिंग कर रही थी। उनके साथ शहर के सभी ट्रैफिक थाना प्रभारी और पुलिसबल भी मौजूद था। सभी गाड़ियों की चेकिंग की जा रही थी ब्लैक फिल्म, तेज आवाज वाले हॉर्न, गोलियों की आवाज निकालते हुए बुलेट बाइक को रोककर उन पर कार्रवाई की गई। इसी दौरान कंपू थाना क्षेत्र के शीतला शाह चौराहे पर एक ब्लैक फ्रेम चढ़ी हुई कार को रोका गया। कार को चेक किया गया तो पूरी कार पर ब्लैक फिल्म चढ़ी हुई थी। इसके साथ ही कार में भारी भरकम डंडा भी रखा हुआ था।
खुद को बता रहा था बीजेपी नेता का रिश्तेदार : जब IPS अफसर अनु बेनीवाल ने इसे देखा तो कार की चालानी कार्रवाई करने की बात कही। इस दौरान कार चला रहे युवक ने पुलिस पर दबाव बनाने के लिए खुद को भाजपा नेता का रिश्तेदार बताते हुए चालान नहीं काटने को कहा। इस दौरान आईपीएस अनु ने उस युवक से कहा कि भले ही तुम्हारे फूफा प्रेसिडेंट हो तो भी कार्रवाई तो होगी। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग आईपीएस अधिकारी अनु बेनीवाल की जमकर तारीफ भी कर रहे हैं।
कौन हैं अनु बेनीवाल : बता दें कि आईपीएस अनु बेनीवाल पर एडिशनल एसपी ट्रैफिक का चार्ज है और वह नियमों को लेकर सख्त मानी जाती हैं। उन्हें दबंग लेडी के नाम से भी जाना जाता हैं। पहले भी वो अपनी सख्ती और ड्यूटी की वजह से चर्चा में रह चुकी हैं।
Edited By: Navin Rangiyal