ISRO news in hindi : इसरो ने बुधवार को श्रीहरिकोटा से एलवीएम3-एम6 रॉकेट से ब्लूबर्ड ब्लॉक-2 सैटेलाइट लांच कर इतिहास रच दिया है। 640 टन वजनी LVM3 रॉकेट से लांच किए गए ब्लूबर्ड ब्लॉक 2 सैटेलाइट 6,100 किलोग्राम का है। यह अब तक का सबसे भारी सैटेलाइट है, जिसे भारत ने लॉन्च किया है।
आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से एलवीएम3-एम6 रॉकेट सुबह 8:55 बजे लांच किया गया। यह मिशन न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड (NSIL) और अमेरिका की AST स्पेसमोबाइल (AST and Science, LLC) के बीच हुए कॉमर्शियल समझौते का हिस्सा है।
इसरो के मुताबिक, लॉन्चिंग के करीब 15 मिनट के बाद सैटेलाइट रॉकेट से अलग होकर लगभग 520km ऊपर अंतरिक्ष के लो अर्थ ऑर्बिट (LEO) में स्थापित हो चुका है।
पीएम मोदी ने दी बधाई : प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपने पोस्ट में कहा कि भारत के युवाओं की ताकत से, हमारा अंतरिक्ष कार्यक्रम ज्यादा आधुनिक और असरदार बन रहा है। LVM3 ने भरोसेमंद हैवी-लिफ्ट प्रदर्शन दिखाया है, जिससे हम गगनयान जैसे भविष्य के मिशन के लिए नींव मजबूत कर रहे हैं, कमर्शियल लॉन्च सेवाओं का विस्तार कर रहे हैं और वैश्विक साझेदारी को मजबूत कर रहे हैं। यह बढ़ी हुई क्षमता और आत्मनिर्भरता को मिला बढ़ावा आने वाली पीढ़ियों के लिए बहुत बढ़िया है।
क्या है संचार सैटेलाइट में खास : ब्लूबर्ड ब्लॉक-2 पृथ्वी की निचली कक्षा में स्थापित होने वाला सबसे बड़ा वाणिज्यिक संचार उपग्रह भी है। यह नेक्स्ट-जेन कम्युनिकेशन सैटेलाइट है। इसका मकसद सामान्य स्मार्टफोन तक सीधे ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी पहुंचाना है। इससे उपभोक्ता को किसी अतिरिक्त एंटीना या कस्टमाइज्ड हार्डवेयर की जरूरत नहीं होगी। इसके जरिए धरती पर कहीं से भी 4G और 5G वॉयस कॉल, वीडियो कॉल, मैसेजिंग, स्ट्रीमिंग और डेटा सेवाएं उपलब्ध होंगी।
edited by : Nrapendra Gupta