Publish Date: Thu, 21 May 2026 (20:40 IST)
Updated Date: Thu, 21 May 2026 (21:02 IST)
पाकिस्तान और अन्य देशों में भारत विरोधी गतिविधियों से जुड़े आतंकियों की रहस्यमयी हत्याओं का सिलसिला लगातार चर्चा में बना हुआ है। इसमें सबसे ताजा नाम हमजा बुरहान का है। 2019 के बाद से दुनिया के देशों में छुपे आतंक के कई सरगाने इसी तरीके से मारे गए हैं। पिछले 4 से 5 सालों में 25 से ज्यादा आतंकियों को ढेर किया जा चुका है।
लगातार टारगेट कीलिंग्स को लेकर पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों ने कई बार भारत की खुफिया एजेंसी RAW पर संदेह जताया है, हालांकि भारत सरकार की ओर से कभी भी ऐसी घटनाओं पर आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई। इसी साल अप्रैल में हाफिज सईद के करीबी की भी हत्या कर दी गई थी। हाफिज सईद का करीबी सहयोगी शेख यूसुफ़ अफरीदी अज्ञात बंदूकधारियों के हमले में मारा गया था।
अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां चलाकर उसे मौत के घाट उतार दिया था। लगातार हो रही इन घटनाओं ने पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी नेटवर्क की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कई एक्सपर्ट्स यह भी मानते हैं कि यह आतंकी संगठनों के भीतर आंतरिक संघर्ष, गैंगवार या अंतरराष्ट्रीय खुफिया गतिविधियों का परिणाम हो सकता है। हालांकि अधिकांश मामलों में किसी भी संगठन ने आधिकारिक जिम्मेदारी नहीं ली है।
दाऊद मलिक
मौलाना मसूद अजहर का करीबी सहयोगी दाऊद मलिक उत्तर वजीरिस्तान में मारा गया। वह भारत विरोधी आतंकी गतिविधियों से जुड़ा बताया जाता था। आतंकी मौलाना मसूद अजहर के करीबी सहयोगी दाऊद मलिक की पाकिस्तान में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दाऊद मलिक की मौत के बाद एक बार फिर उन घटनाओं पर चर्चा तेज हो गई है, जिनमें 'अज्ञात बंदूकधारियों' ने भारत विरोधी आतंकियों को निशाना बनाया। वह लश्कर-ए-जब्बार से जुड़ा था और लंबे समय से भारत विरोधी गतिविधियों में सक्रिय माना जाता था। इससे पहले अक्टूबर 2023 में पठानकोट एयरबेस हमले के मास्टरमाइंड शाहिद लतीफ की भी पाकिस्तान के सियालकोट में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
शाहिद लतीफ
जैश-ए-मोहम्मद का आतंकी शाहिद लतीफ 2016 के पठानकोट हमले का मास्टरमाइंड था। उसे पाकिस्तान के सियालकोट में गोली मारी गई।
जियाउर रहमान
लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े रहमान की कराची में बाइक सवार हमलावरों ने हत्या कर दी।
अबू कासिम कश्मीरी
राजौरी के ढांगरी हमले का आरोपी अबू कासिम PoK में अज्ञात हमलावरों द्वारा मारा गया।
सरदार हुसैन अराइन
हाफिज सईद के करीबी और जमात-उद-दावा नेटवर्क से जुड़े अराइन की कराची में गोली मारकर हत्या कर दी गई।
सैयद नूर शालोबार
कश्मीर में आतंकियों की भर्ती कराने वाला शालोबार पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में मारा गया।
बशीर अहमद पीर
हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर बशीर अहमद पीर की रावलपिंडी में हत्या कर दी गई।
सैयद खालिद रजा
अल-बद्र मुजाहिदीन के पूर्व कमांडर रजा की कराची में गोली मारकर हत्या की गई।
एजाज अहमद अहंगर
आईएसआईएस से जुड़े कश्मीरी आतंकी एजाज अहमद का शव अफगानिस्तान में मिला।
जाहूर मिस्त्री
IC-814 विमान अपहरण मामले से जुड़े जाहूर मिस्त्री की कराची में बाइक सवार हमलावरों ने हत्या कर दी।
सैफुल्लाह खालिद
18 मई 2025 को पाकिस्तान के सिंध प्रांत में लश्कर-ए-तैएबा के टॉप कमांडर सैफुल्लाह खालिद को अज्ञात हमलावर ने मार गिराया था। Edited by : Sudhir Sharma
About Writer
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें