Parliament Session : लोकसभा अध्यक्ष के चैंबर में घुसे कांग्रेस सांसद? गालियां दीं, किरेन रिजिजू ने शेयर किया वीडियो, कहा- पीएम को धमकाया गया, गरमाई सियासत
Publish Date: Thu, 12 Feb 2026 (17:11 IST)
Updated Date: Thu, 12 Feb 2026 (19:04 IST)
संसदीय मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार (12 फरवरी) को पिछले सप्ताह लोकसभा स्पीकर के चैंबर में हुए टकराव का एक चौंकाने वाला वीडियो शेयर किया है। संसद में हंगामे की एक नई बानगी देखने को मिली जब रिजिजू ने दावा किया कि कांग्रेस के 20-25 सांसदों ने स्पीकर ओम बिरला के चैंबर में जबरन घुसकर उन्हें गालियां दीं। साथ ही उन्हें धमकियां भी दीं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। रिजिजू ने कहा कि प्रियंका गांधी की मौजूदगी में गालियां दी गईं।
उन्होंने आगे कहा कि स्पीकर को गालियां देकर कांग्रेस सांसदों ने चेतावनी दी कि जब पीएम सदन में बोलने आएंगे तो देख लेंगे। यह वीडियो एक कांग्रेस सांसद ने गैरकानूनी तरीके से बनाया था। केंद्रीय मंत्री ने जोर देकर कहा कि बीजेपी बहस और संवाद में यकीन रखती है, हिंसा का समर्थन नहीं करती। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनमें सुधार की कोई उम्मीद नहीं, लेकिन नेता प्रतिपक्ष होने के नाते आशा बनी रहती है। कांग्रेस की विचारधारा बिखर चुकी है।
मीडिया खबरों के मुताबिक रिजिजू ने बताया कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल की मौजूदगी में यह शर्मनाक व्यवहार हुआ। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि यह एक गैर-कानूनी वीडियो क्लिप है जिसे एक कांग्रेस MP ने तब बनाया था जब 20-25 कांग्रेस MP माननीय स्पीकर के चैंबर में घुसे, उन्हें गालियां दीं। माननीय प्रधानमंत्री को भी धमकाया। हमारी पार्टी बहस और चर्चा में विश्वास करती है और कभी भी सांसद को मारपीट करने के लिए बढ़ावा नहीं देती।
प्रियंका ने कहा- नहीं दी गाली
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू के उस आरोप को "झूठ" करार दिया कि वे अपने पार्टी सांसदों को उस समय उकसा रही थीं जब उन्होंने कथित तौर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के कक्ष में उग्र व्यवहार किया था। उन्होंने कहा कि हमने किसी को गाली नहीं दी। Edited by : Sudhir Sharma
अगला लेख