Publish Date: Thu, 19 Feb 2026 (14:40 IST)
Updated Date: Thu, 19 Feb 2026 (14:45 IST)
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (काउंटर इंटेलिजेंस) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की सक्रिय सदस्य खुशनुमा अंसारी उर्फ नेहा को गिरफ्तार किया है। नेहा को गैंग में मैडम जहर के नाम से जाना जाता है। जांच में सामने आया है कि नेहा उत्तर-पूर्वी दिल्ली में एक ब्यूटी पार्लर चलाती थी। लेकिन इस पार्लर की आड़ में वो असल में लॉरेंस बिश्नोई और हाशिम बाबा गैंग के लिए ड्रग्स सिंडिकेट और हथियारों की सप्लाई का काम संभाल रही थी। और कई तरह के खूनी खेल खेलती थी।
बॉबी कबूतर की गर्लफ्रेंड है जहर मैडम : बता दें कि खुशनुमा अंसारी, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे और हथियार सप्लायर बॉबी कबूतर उर्फ महफूज की गर्लफ्रेंड है। इन दोनों का रिश्ता पिछले सात वर्षों से चला आ रहा है। बॉबी कबूतर ने ही पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या से पहले रेकी की थी। इसके अलावा आरोपियों को गायक के रूट व मूवमेंट की सटीक जानकारी उपलब्ध कराई थी।
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में रेकी : बॉबी कबूतर लॉरेंश बिश्नोई गैंग को हथियारों की खेप मुहैया करवाता है। बॉबी कबूतर एशिया के एक बड़े आर्म्स सप्लायर और भारत का अवैध हथियारों का सबसे बड़ा सौदागर कहा जाने वाला सलीम पिस्टल से हथियार लेता था। नेहा ब्यूटी पार्लर की आड़ में ड्रग्स सिंडिकेट चलाती थी, जबकि बॉबी ने सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में रेकी की थी। इनके पास से हथियारों और ड्रग्स के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
गर्लफ्रेंड की शॉपिंग जिद ने करा दिया गिरफ्तार : महफूज उर्फ बॉबी कबूतर गर्लफ्रेंड के चक्कर में पुलिस के हत्थे चढ़ गया। वह सात वर्षों में पहली बार पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके से बाहर निकला था। गर्लफ्रेंड नेहा उससे बार-बार शॉपिंग कराने की जिद कर रही थी। गुरुग्राम से जब वह दिल्ली लौट रहा था तो सीआई ने बीच में ही उसकी गाड़ी को रोका और चारों को गिरफ्तार किया।
बॉबी की गर्लफ्रैंड से हाशिम बाबा लॉरेंस गैंग में ड्रग्स कनेक्शन पर पूछताछ जारी है। बॉबी और लेडी डॉन 7 साल से जुड़े हैं। इसके पहले हाशिम बाबा की बेगम लेडी डॉन जोया भी गैंग के ऑपरेशन संभालती थी, जिसे हाल में गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल वह जेल में बंद है।
अब हाल ही में स्पेशल सेल ने टेक्निकल सर्विलांस और खुफिया इनपुट के आधार पर बॉबी कबूतर, नेहा और दो गुर्गों (मोहम्मद राजी खान और शाहबाज) को गिरफ्तार किया है। बॉबी लगातार अपनी पहचान बदलकर ठिकाने बदल रहा था, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। फिलहाल पुलिस नेहा से बिश्नोई और हाशिम बाबा गैंग के ड्रग्स कनेक्शन और अन्य गुप्त राज उगलवाने में जुटी है।
Edited By: Naveen R Rangiyal