Publish Date: Sun, 22 Mar 2026 (11:11 IST)
Updated Date: Sun, 22 Mar 2026 (11:18 IST)
मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच अमेरिका से तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (LPG) लेकर एक बड़ा मालवाहक जहाज रविवार को कर्नाटक के मंगलुरु स्थित New Mangalore Port बंदरगाह पर पहुंचा। ऐसे समय जब ईरान-इजरायल के बीच बढ़ती टेंशन की वजह से मध्य-पूर्व एशिया में तेल और गैस सप्लाई पर प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है, तब यह जहाज LPG लेकर भारत पहुंचा है। यह खेप भारत के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर मिडिल-ईस्ट एशिया में हालात और बिगड़ते हैं तो ग्लोबल एनर्जी मार्केट में ईंधन की कीमतों में उछाल आ सकता है। साथ ही, सप्लाई में बाधा भी पहुंच सकती है।
Aqua Titan नाम का टैंकर भी बंदरगाह पर पहुंचा था, जो लगभग 1.1 लाख टन उरल्स कच्चा तेल लेकर आया है। यह जहाज पहले रूस के प्रिमोर्स्क से चीन के रिझाओ पोर्ट के लिए रवाना हुआ था, लेकिन बाद में रास्ता बदलकर भारत आ गया।
मध्य पूर्व तनाव के बीच भारत ने दी राहत
केंद्र सरकार के शिपिंग मंत्रालय ने कहा है कि New Mangalore Port पर 14 मार्च से 31 मार्च तक कच्चे तेल और एलपीजी से जुड़े सभी कार्गो शुल्क माफ कर दिए गए हैं। यह फैसला मध्य पूर्व में बढ़ते युद्ध जैसे हालात को देखते हुए लिया गया है, ताकि ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित न हो।
गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पर भी पहुंचे LPG जहाज
इससे पहले भारतीय झंडे वाले तीन जहाज - शिवालिक , नंदा देवी और जग लाडकी - Mundra Port
पर एलपीजी लेकर पहुंचे थे। शिवालिक सोमवार को पहुंचा, जबकि नंदा देवी और जग लाडकी मंगलवार और बुधवार को बंदरगाह पर लगे।
ईरान-अमेरिका टकराव के बाद बढ़ी चिंता
28 फरवरी को अमेरिका और इज़राइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। इसके जवाब में ईरान ने इज़राइल और अमेरिकी सैन्य ठिकानों वाले खाड़ी देशों पर जवाबी कार्रवाई की है, जिससे फारस की खाड़ी में जहाजों की आवाजाही को लेकर चिंता बढ़ गई है। सरकार ने बताया कि फारस की खाड़ी क्षेत्र में मौजूद भारत के 22 जहाज और 611 भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पोर्ट पर नहीं है भीड़, सप्लाई सामान्य
सरकार के अनुसार किसी भी बंदरगाह पर भीड़ या रुकावट की स्थिति नहीं है। हालांकि पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा कि तनाव के कारण एलपीजी की बुकिंग में घबराहट देखने को मिली है, लेकिन आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। Edited by : Sudhir Sharma
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।वेबदुनिया रिसर्च टीम....
और पढ़ें