Publish Date: Tue, 24 Feb 2026 (15:13 IST)
Updated Date: Tue, 24 Feb 2026 (15:19 IST)
RJD MP Manoj Jha on Uday Bhanu Chib: दिल्ली में एआई समिट (AI Summit) के दौरान हुए प्रदर्शन के मामले में यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदयभानु चिब की गिरफ्तारी ने सियासी तूल पकड़ लिया है। राज्यसभा सांसद और आरजेडी नेता मनोज झा ने पुलिस द्वारा चिब को 'मास्टरमाइंड' कहे जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। झा ने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए पूछा कि क्या शर्ट उतारकर विरोध करना देश की सुरक्षा के लिए खतरा है? उन्होंने पुलवामा और लाल किला हमले का जिक्र करते हुए जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
झा को मास्टरमाइंड शब्द पर आपत्ति
राजद नेता झा ने एएनआई से बातचीत में सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आपकी विरोधी राजनीतिक पार्टी के एक नेता ने विरोध प्रदर्शन किया आप उसे देश की सुरक्षा के साथ जोड़ रहे हैं। आप यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष चिब को 'मास्टरमाइंड' कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि लाल किला का मास्टरमाइंड नहीं मिला, पुलवामा हमले और पहलगाम हमले का तो मास्टरमाइंड नहीं मिला, लेकिन कहां का मिला, जिन्होंने एक प्रदर्शन किया।
ALSO READ: AI Summit Protest: राहुल गांधी ने उदय भानु को बताया बब्बर शेर, भाजपा का पलटवार
मुझे देश से मोहब्बत है तो...
मनोज झा ने कहा कि मैंने बार बार कहा है कि यदि मुझे देश से मोहब्बत है तो मैं सरकार से सवाल पूछूंगा, उसकी आलोचना करूंगा। यह मैं अतीत में भी करता रहा हूं और भविष्य में भी करता रहूंगा। उन्होंने सख्त अंदाज में कहा कि किसी भी सरकार को यह मुगालता नहीं होना चाहिए कि वही देश है।
उदयभानु चिब पुलिस रिमांड पर
उल्लेखनीय है कि यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदयभानु चिब को पटियाला हाउस कोर्ट ने 4 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। हालांकि दिल्ली पुलिस ने 7 दिन की रिमांड मांगी थी। पुलिस ने एआई समिट में शर्ट लैस प्रदर्शन मामले में उदय भानु को देर रात गिरफ्तार किया था।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala