Publish Date: Mon, 18 May 2026 (11:08 IST)
Updated Date: Mon, 18 May 2026 (11:15 IST)
NEET-UG 2026 : सीबीआई जांच में खुलासा हुआ है कि NEET-UG 2026 का सिर्फ एक नहीं, बल्कि रिजर्व समेत दोनों प्रश्न पत्र लीक हुए थे। गेस पेपर में दोनों सेट के सवाल मिलने के बाद जांच तेज हो गई है और आरोपी मनीषा मंधारे को 14 दिन की सीबीआई हिरासत में भेजा गया है। इस मामले में महाराष्ट्र के एक बड़े कोचिंग सेंटर के मालिक की भी गिरफ्तारी हुई है।
दरअसल, हर साल नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा नीट यूजी प्रश्न पत्र के दो सेट तैयार किए जाते हैं। इनमें से कौन-सा सेट परीक्षा में आएगा, इसकी जानकारी डायरेक्टर जनरल के अलावा किसी और को नहीं होती। एक सेट का पेपर होता है, जबकि दूसरा सेट रिजर्व में रखा जाता है ताकि अगर कहीं कोई गड़बड़ी या जरूरत पड़ने पर तुरंत दूसरे सेट का पेपर कराया जा सके। मीडिया खबरों में दावा किया गया है कि रिजर्व सेट का पेपर भी पहले ही आउट हो चुका था।
सीबीआई जांच के दौरान दूसरे सेट के सवाल गेस पेपर से मिलाए गए, जिसमें से सभी सवाल मैच हो गए। जानकारी के अनुसार, जो पेपर 3 मई को परीक्षा में आया था और जो पेपर रिजर्व में रख गया था, दोनों के बायोलॉजी और केमिस्ट्री के सभी सवाल गेस पेपर में थे।
जांच में खुलासा हुआ है कि प्रोफेसर पीवी कुलकर्णी और सीनियर टीचर मनीष मांधरे ने मिलकर एक गेस पेपर बनाया था, जो कई राज्यों में लाखों में बिका। इसमें बायोलॉजी के 180 और केमिस्ट्री के 90 सवाल ऐसे मिले हैं जो एनटीए के दोनों नीट सेट्स से मेल खाते हैं।
नीट पेपर लीक के तीन प्रमुख चेहरों में पीवी कुलकर्णी, मनीषा मंधारे और मनीषा वाघमारे हैं। इनमें से पीवी कुलकर्णी और मनीषा मंधारे ने पेपर लीक कराने का काम किया, जबकि मनीषा वाघमारे ने नीट के पेपर को स्टूडेंट तक पहुंचाने में भूमिका निभाई।
edited by : Nrapendra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें