Publish Date: Tue, 31 Mar 2026 (14:35 IST)
Updated Date: Tue, 31 Mar 2026 (15:12 IST)
इंदौर में पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद भी ड्रग का नेटवर्क खत्म नहीं हो पा रहा है। पुलिस तकरीबन रोजाना ड्रग पेडलर को गिरफ्तार कर रही है और बड़ी मात्रा में मादक और नशीले पदार्थ जब्त कर रही है। लेकिन ड्रग माफियाओं पर शिकंजा नहीं कस पा रहा है। पिछले एक हफ्ते में ही कई पेडलर्स पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। इनके पास से एमडी और ब्राउन शुगर जब्त की गई है, जिनकी अंतराष्ट्रीय बाजार में कीमतें लाखों रुपए में है।
बता दें कि
वेबदुनिया को जो जानकारी मिली है, उसमें सामने आया कि इंदौर में ड्रग सप्लाय करने वाले 30 से ज्यादा गैंग या ग्रूप सक्रिय हैं। यह ग्रूप स्कूल- कॉलेज के छात्र- छात्राओं को टारगेट करते हैं। सबसे ज्यादा 15, 16 से लेकर 18 साल तक के युवाओं को निशाना बनाया जाता है। पुलिस रोज इन पर अटैक कर रही है, लेकिन रतलाम, मंदसौर और राजस्थान बॉर्डर के दूसरे इलाकों से इंदौर तक की ड्रग माफियाओं की घुसपैठ लगातार जारी है।
-
इंदौर में ड्रग के 30 से ज्यादा ग्रूप सक्रिय
-
16 से 18 साल के युवा ड्रग माफिया के टारगेट पर
-
नाबालिगों स्टूडेंट को बना रहे निशाना
-
यूनिवर्सिटी, भंवरकुआ, विजय नगर और कोचिंग क्लासेस के पास सक्रिय है गैंग
इंदौर में 30 से ज्यादा ग्रूप सक्रिय : वेबदुनिया की जानकारी में सामने आया है कि इंदौर में 30 से ज्यादा ऐसे ग्रूप हैं, जो पूरे शहर में ऐसे इलाकों में सक्रिय होकर नशा बांट रहे हैं, जहां स्टूडेंट की संख्या ज्यादा है। ये ड्रग के समूह नौजवानों को अपना नशा बेच रहे हैं। बाहर से आकर इंदौर के विभिन्न कॉलेजों में पढ़ने वाले स्टूडेंट इनका आसान शिकार बन रहे हैं। हाल ही में एक ही हफ्ते में 6 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
16 साल के युवाओं को कर रहे टारगेट : नशे का कारोबार करने वाले ये ग्रूप्स इंदौर के पब, कैफे, स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी के कम उम्र के स्टूडेंट को लत लगाने के लिए सक्रिय हैं। यहां आने वाले युवाओं को ड्रग बेचा जाता है। कुछ स्टूडेंट ऐसे हैं, जिन्हें पहले से ही ड्रग की लत है, वे अपने दोस्तों को पेडलर्स के साथ लिंक करते हैं। इनमें ज्यादातर युवा 15, 16 और 18 साल के हैं। दरअसल, इस उम्र के बच्चे स्कूल कॉलेज की पार्टीज और दूसरे फंक्शन में ज्यादा सक्रिय रहते हैं, ऐसे में ये बच्चे एंजायमेंट के लिए इनका आसान शिकार बन रहे हैं।
स्कूल-कॉलेज और यूनिवर्सिटी ठिकाने : यूनिवर्सिटी इलाका, भंवरकुआ, विजय नगर, नौलखा, स्कीम नंबर 78, किला मैदान, छप्पन दुकान और तमाम कोचिंग संस्थानों के आसपास ड्रग पेडलर्स ने अपने ठिकाने बना रखे हैं। इसके अलावा विजय नगर के कैफे, पब, क्लब्स और चाय के ठियों पर भी ड्रग सप्लाय किया जा रहा है।
राजस्थान बॉर्डर से हो रही घुसपैठ : हाल ही में पुलिस ने जिन ड्रग सप्लायर्स को गिरफ्तार किया है, उन्होंने राजस्थान बॉर्डर के साथ ही रतलाम और मंदसौर तरफ से आने की जानकारी दी है। वैसे भी ज्यादातर ड्रग का माल रतलाम और मंदसौर इलाकों की तरफ से ही इंदौर में आ रहा है।
सबसे ज्यादा एमडी और ब्राउन शुगर का चलन : बता दें कि इंदौर में युवाओं में सबसे ज्यादा एमडी और ब्राउन शुगर का चलन है। युवा इसे खूब पसंद कर रहे हैं। हाल ही में पुलिस ने जो जब्ती की है, उनसे सबसे ज्यादा खेप एमडी और ब्राउन शुगर की ही जब्त की गई। लड़कियों और बाहर से आने वाले युवाओं में यह ड्रग काफी पसंद की जा रही है। पिछले दिनों कई युवतियों को पुलिस ने नशे की हालत में पकड़ा था।
एक हफ्ते में पुलिस की कार्रवाई : पिछले एक हफ्ते में क्राइम ब्रांच ने कई कार्रवाई की और करीब 6 लोगों को अगल अलग इलाकों से गिरफ्तार किया है। आरोपी मोहम्मद इकबाल, मोइनुद्दीन उर्फ मोईन मेव, मयंक साहू, विशाल, दिलीप पिता नथु सिंह बघेल आदि इंदौर के अलग अलग इलाकों में ड्रग सप्लाय का काम कर रहे थे। डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि आरोपियों के पास से एमडी ड्रग और ब्राउन शुगर जब्त की गई है। उन्होंने बताया कि अंतराष्ट्रीय बाजार में ड्रग की कीमतें लाखों रुपए है।
पुलिस ने कितनी ड्रग की जब्त : पुलिस ने बताया कि हाल ही में आरोपी के कब्जे से करीब 13.07 ग्राम अवैध मादक पदार्थ (MD) जब्त की गई है, जिसकी अंतराष्ट्रीय कीमत करीबन 1,30,000/- रुपए है। आरोपी जाली फाटक बनाने का कार्य करता है एवं 09 वीं कक्षा तक ही पढ़ाई की है। इसी तरह श्री एकदंतेश्वर गजानंद मंदिर के सामने किला मैदान रोड से आरोपी मोइनुद्दीन उर्फ मोईन मेव निवासी मल्हारगंज से 13.07 ग्राम MD और 01 मोबाइल फोन जब्त किया गया है। कुल मश्रूका की कीमत 2,00,000/- रुपए है। इसी तरह कार्रवाई में राजस्थान से मंदसौर होते हुए इंदौर तक ड्रग्स सप्लाई करने वाले गिरोह के 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से 513 ग्राम एमडी ड्रग्स, एक दोपहिया वाहन और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, ड्रग्स राजस्थान से दोपहिया वाहन द्वारा लाकर मंदसौर के रास्ते इंदौर में सप्लाई की जा रही थी। मोबाइल डेटा के आधार पर अन्य तस्करों की तलाश जारी है। एक अन्य प्रकरण में आरोपी मयंक साहू निवासी तिलक नगर इंदौर, एक पूर्व आरोपी विशाल के कब्जे से लगभग 20 ग्राम ब्राउन शुगर जिसकी कीमत करीब 2,00,000/- रुपए जब्त की गई। आरोपी मयंक पर शहर में पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट में एक अपराध पंजीबद्ध है। आरोपी दिहाड़ी वेतन पर रिपेयरिंग आदि का कार्य करता है।
रिपोर्ट : नवीन रांगियाल
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
Publish Date: Tue, 31 Mar 2026 (14:35 IST)
Updated Date: Tue, 31 Mar 2026 (15:12 IST)