Publish Date: Mon, 11 May 2026 (16:44 IST)
Updated Date: Mon, 11 May 2026 (16:54 IST)
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देशवासियों से एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील के बाद सर्राफा बाजार और शेयर बाजार दोनों में सोमवार को हलचल देखने को मिली है। प्रधानमंत्री ने ईरान-अमेरिका के बीच युद्ध के बीच बढ़ते कच्चे तेल के दाम, विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव और वैश्विक आर्थिक संकट को देखते हुए लोगों से यह अपील की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश को विदेशी मुद्रा बचाने की जरूरत है और ऐसे समय में पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, विदेश यात्राओं से बचने और सोने की खरीद को सीमित करने जैसे कदम राष्ट्रीय हित में होंगे।
पीएम मोदी की अ्पील का असर आज शेयर बाजार से लेकर भोपाल में सराफा बाजार तक देखने को मिला। शेयर बाजार में जहां गोल्ड कंपनियों के शेयर में गिरावट देखने को मिली, वहीं सराफा बाजार में सन्नाटे के साथ आज कई सौदे रद्द भी हुए। शादी-ब्याह के सीजन होने के बाद भी सराफा बाजार में सोमवार को वह रौनक नहीं देखने को मिली जो आम तौर पर दिखाई देती है।
भोपाल सराफा बाजार में सराफा कारोबारी नवनीत अग्रवाल कहते है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोना नहीं खरीदने की अपील विदेश मुद्रा भंडार को लेकर भले ही की हो। लेकिन सराफा कारोबारियों को चिंता अपने व्यापार को लेकर है। पीएम मोदी की अपील के बाद बाजार में कई ग्राहकों ने प्री ऑर्डर कैसिंल करना शुरु कर दिया। ऐसे में आने वाले समय में व्यापार पर इसका बुरा असर पड़ सकता है। एक अनुमान के मुताबिक 25 फीसदी का व्यापार कम हो सकता है।
इसके साथ नवनीत अग्रवाल कहते है कि शादी-विवाह के सीजन में कारोबार प्रभावित हो सकता है। ऐसे में लंबे समय तक खरीद में कमी आने से छोटे कारोबारियों और कारीगरों पर असर पड़ सकता है। बाजार में सोने के आभूषणों की डिमांड कम होने से करीब 25 लाख परिवारों के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। वहीं मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर भी बुरी तरह प्रभावित होगा, जिससे सीधे तौर पर 12 लाख से अधिक कारीगर जुड़े हुए है।
वहीं नवनीत अग्रवाल कहते है कि देश में सोने का जो मार्केट है, उसमें 60 प्रतिशत निवेश से जुड़ा है और लोग सोने को एक सुरक्षित निवेश के तौर पर देखते है, ऐसे में सरकार को निवेश के अन्य विकल्पों पर भी ध्यान देना चाहिए।
पीएम मोदी की अपील के बाद क्या आने वाले समय में सोने की कीमतें कम होगी, इस पर नवनीत अग्रवाल कहते है कि सोने की कीमतें वैश्विक परिस्थितियों पर ज्यादा निर्भर करती है हलांकि आने वाले समय में सोने की डिमांड कम होने से इसके दामों में कमी हो सकती है।
ज्वेलरी कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट- प्रधानमंत्री के सोना नहीं खरीदने की अपील के बाद सोमवार को शेयर बाजार में ज्वेलरी कंपनियों के शेयर 10 प्रतिशत तक गिर गए। कल्याण और सेनको गोल्ड के शेयर 10 फीसदी तक टूट गए।
शेयर बाजार विशेषज्ञ आदित्य मनयां जैन कहते है कि पीएम मोदी की अपील के बाद अगर लोग सोने की खरीद कम करते हैं, तो ज्वेलरी कंपनियों की बिक्री पर सीधा असर पड़ेगा। इसी आशंका के चलते निवेशकों ने इन शेयरों में बिकवाली शुरू कर दी और यहीं कारण है कि आज शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली।
About Writer
भोपाल ब्यूरो
वेबदुनिया भोपाल ब्यूरो मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के साथ प्रदेश के विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों के प्रकाशन का प्रमुख केंद्र है। भोपाल ब्यूरो से प्रदेश की सियासत, अपराध, व्यापार, खेल, धर्म-संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरें सटीकता और निष्पक्षता के साथ प्रकाशित की जाती हैं।....
और पढ़ें