Publish Date: Sat, 28 Mar 2026 (12:54 IST)
Updated Date: Sat, 28 Mar 2026 (13:56 IST)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नोएडा में जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के फेज1 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि संकट के समय भी देश का तेज विकास। संकट में भी कई बड़ी योजनाएं शुरू हुई।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पूरा विश्व चिंतित है, पश्चिम एशिया में एक महीने से युद्ध चल रहा है। युद्ध की वजह से कई देशों में खाने-पीने का सामान, पेट्रोल, डीजल, गैस, खाद जैसी कई जरूरी चीजों का चारों तरफ संकट पैदा हो गया है। हर देश इस संकट का सामना करने की कोशिश कर रहा है, और हमारा भारत भी पूरी शक्ति से इसका मुकाबला कर रहा है। देशवासियों की ताकत के भरोसे कर रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस युद्ध-प्रभावित क्षेत्रों से मंगाता है। इसलिए सरकार हर वह कदम उठा रही है, जिससे सामान्य परिवारों और हमारे किसान भाई-बहनों पर बोझ न पड़े। संकट के इस समय में भी भारत ने अपने तेज विकास को निरंतर जारी रखा है।
पीएम मोदी की अपील
प्रधानमंत्री ने कहा कि 40 करोड़ देशवासी कड़े से कड़ा परिश्रम करें और वैश्विक संकट का एकजुट होकर सामना करें। हमें शांत मन से, धैर्य और एकजुटता के साथ मिल-जुलकर इस संकट का सामना करना है। यह पूरे विश्व में परेशानी पैदा करने वाला संकट है, हमें अपने देश की सबसे ज्यादा चिंता करनी है, और यही हम भारतीयों की सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने कहा कि मैं यूपी के और देश के सभी राजनीतिक दलों से आग्रहपूर्वक कहना चाहता हूं कि ऐसे संकट के समय ऐसी बातें करने से बचें जो देश के लिए नुकसानदायक हों। जो भारत और भारतीयों के हित में है, वही भारत सरकार की रणनीति है।
विकसित यूपी और विकसित भारत का नया अध्याय
पीएम मोदी ने इस एयरपोर्ट को विकसित यूपी और विकसित भारत का नया अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं को पता है कि यह जो काम हो रहा है, यह नौजवानों के भविष्य को नई उड़ान देने वाला काम है। आज हम विकसित यूपी, विकसित भारत अभियान का एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं। यहां से हर 2 मिनट में विमान उड़ेगा।
2 कारणों से खुश है पीएम मोदी
उन्होंने कहा कि देश का सबसे बड़ा प्रदेश आज सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वाले राज्यों में से एक बन गया है। आज मेरे लिए गर्व और प्रसन्नता के दो कारण हैं। पहला: इस एयरपोर्ट का शिलान्यास करने का सौभाग्य भी मुझे मिला था और इसका उद्घाटन करने का सौभाग्य भी मुझे मिला है। दूसरा: जिस उत्तर प्रदेश ने मुझे प्रतिनिधि बनाया, सांसद बनाया, उस उत्तर प्रदेश की पहचान के साथ इस भव्य एयरपोर्ट का नाम भी जुड़ गया है।
edited by : Nrapendra Gupta
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
Publish Date: Sat, 28 Mar 2026 (12:54 IST)
Updated Date: Sat, 28 Mar 2026 (13:56 IST)