Publish Date: Wed, 13 May 2026 (18:04 IST)
Updated Date: Thu, 14 May 2026 (09:40 IST)
Death of Prateek Yadav: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायमसिंह यादव के बेटे, सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई और भाजपा नेत्री अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव (38) का सोमवार तड़के लखनऊ में निधन हो गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, उनकी मृत्यु का मुख्य कारण 'कार्डियक अरेस्ट' (हृदय गति रुकना) रहा। रिपोर्ट में ब्लड क्लॉटिंग (खून के थक्के जमना) और कार्डियो-रेस्पिरेटरी कोलैप्स का भी उल्लेख किया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने चौंकाया
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, सुबह लगभग 4:55 बजे प्रतीक यादव के आवास से आपातकालीन कॉल प्राप्त हुई थी। मेडिकल टीम तत्काल उनके घर पहुंची, लेकिन तब तक प्रतीक कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे थे। उन्हें आनन-फानन में सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ सुबह 5:55 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रिपोर्ट में एक चौंकाने वाली बात सामने आई है कि प्रतीक यादव के शरीर पर घाव के निशान भी पाए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, ये निशान मृत्यु से कुछ समय पहले के हैं। इन निशानों ने अब कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनकी जांच की जा सकती है।
ALSO READ: प्रतीक यादव के निधन पर मुख्यमंत्री योगी ने जताया शोक
राजनीति में नहीं थी रुचि
प्रतीक मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। यानी अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे। हालांकि उनकी राजनीति में कोई रुचि नहीं थी। वे अपने बिजनेस और फिटनेस पर ज्यादा ध्यान देते थे। यूके के लीड्स विश्वविद्यालय से शिक्षित प्रतीक रियल इस्टेट कारोबार से भी जुड़े थे। वे 'जीव आश्रय' के माध्यम से आवारा कुत्तों के लिए भी काम करते थे।
ALSO READ: प्रतीक यादव का निधन : क्या है डॉक्टर का दावा, जिम पाटर्नर ने भी किया बड़ा खुलासा
योगी ने अपर्णा सांत्वना दी
निजी जीवन में चल रहा था तनाव
प्रतीक यादव हाल के दिनों में अपने निजी जीवन को लेकर भी चर्चा में थे। इस साल जनवरी में उन्होंने सोशल मीडिया (इंस्टाग्राम) पर एक पोस्ट के जरिए अपनी पत्नी अपर्णा यादव पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने अपनी मानसिक सेहत और पारिवारिक रिश्तों में कड़वाहट का जिक्र करते हुए तलाक की अर्जी देने की बात भी सार्वजनिक की थी।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala