Prime Minister Modi expresses concern: भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास पर ड्रोन हमले (Attack on President Putins residence) को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के आवास को निशाना बनाने की खबरों से हम बहुत चिंतित हैं। रूस ने दावा किया है कि यूक्रेन ने नोवगोरोड में पुतिन के सरकारी आवास पर हमला करने की कोशिश की गई। हालांकि यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने इसका खंडन किया है।
क्या कहा मोदी ने : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रूसी और अंग्रेजी में एक्स पर की गई पोस्ट में कहा कि राष्ट्रपति पुतिन के आवास को निशाना बनाने की खबरों से हम बहुत चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि शांति स्थापित करने के लिए कूटनीति ही सबसे अच्छा रास्ता है। मोदी ने कहा- हम सभी संबंधित पक्षों से आग्रह करते हैं कि वे इन कोशिशों पर ध्यान केंद्रित करें और ऐसे किसी भी काम से बचें जो शांति की कोशिशों को कमजोर कर सकता है।
रूस ने नाकाम किया हमला : रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के अनुसार, यूक्रेन ने 28 और 29 दिसंबर की रात 91 ड्रोन से हमला कर दिया। हालांकि रूस के एयर डिफेंस सिस्टम ने इसे नाकाम कर दिया। लावरोव ने इसे आतंकवाद करार दिया और चेतावनी दी कि इस हमले का जवाब दिया जाएगा। इस बीच, यह खुलासा नहीं हुआ है कि जिस समय यह हमला हुआ उस समय पुतिन अपने आवास में थे या नहीं।
दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन ने आज सुबह मुझे इस हमले के बारे में बताया। मैं यह सुनकर बहुत गुस्से में था। किसी देश के नेता के आवास पर हमला करना बहुत गलत है। हालांकि ट्रंप ने यह भी कहा कि हो सकता है कि यह हमला हुआ ही न हो। वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि पुतिन के आवास पर हमले की कहानी सिर्फ कीव पर हमला करने और उन्हें सही ठहराने के लिए बनाई गई है। उन्होंने कहा कि रूस खुद युद्ध खत्म करने के लिए जरूरी कदम उठाने से इनकार कर रहा है, जबकि यूक्रेन हमेशा कूटनीतिक रास्ते पर कायम है।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala