Publish Date: Thu, 19 Mar 2026 (12:36 IST)
Updated Date: Thu, 19 Mar 2026 (13:00 IST)
Prime Minister Narendra Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज चैत्र नवरात्रि, गुडी पड़वा और नव संवत्सर के शुभ अवसर पर देशवासियों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं और समृद्धि से भरे वर्ष तथा राष्ट्रीय प्रगति के प्रति नए संकल्प की कामना की। नव संवत्सर के अत्यंत विशेष अवसर पर सभी को अपनी शुभकामनाएं देते हुए प्रधानमंत्री ने प्रार्थना की कि आने वाला नव वर्ष प्रत्येक के जीवन में साहस, आत्मविश्वास और सेवा की भावना को मजबूत करे। मोदी ने उम्मीद जताई कि ये मूल्य राष्ट्र निर्माण की दिशा में किए जा रहे सामूहिक प्रयासों को नई गति प्रदान करेंगे और साथ ही उन्होंने सभी नागरिकों के लिए असीम सुख, सफलता और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
प्रधानमंत्री ने एक्स (X) पर लिखा, देशवासियों को नव संवत्सर की अनंत शुभकामनाएं। मेरी कामना है कि यह नया साल आप सभी के जीवन में साहस, आत्मविश्वास और सेवा की भावना को और सशक्त करे, जो राष्ट्र निर्माण के प्रयासों को भी नई मजबूती दे।
नव संवत्सर के अत्यंत विशेष अवसर पर सभी को शुभकामनाएं। सभी को असीम सुख, सफलता और उत्तम स्वास्थ्य का आशीर्वाद प्राप्त हो। मैं प्रार्थना करता हूं कि आने वाला नव वर्ष प्रत्येक के जीवन में साहस, आत्मविश्वास और सेवा की भावना को और सुदृढ़ करे। साथ ही, राष्ट्र-निर्माण की दिशा में किए जा रहे हमारे सामूहिक प्रयासों को भी यह एक नई गति प्रदान करे।
प्रधानमंत्री ने एक्स (X) पर लिखा, जगतजननी मां दुर्गा के चरणों में कोटि-कोटि देशवासियों की ओर से मेरा नमन और वंदन! नवरात्रि के पावन पर्व पर देवी मां से विनती है कि वे हर किसी को अपने स्नेह और अनुकंपा का आशीर्वाद प्रदान करें। जय माता दी!
एक सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुडी पड़वा पर सभी नागरिकों को शुभकामनाएं दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह उत्सव नए वर्ष के आगमन को दर्शाता है। यह उत्सव सभी के जीवन में नवीनता, आशा और नई संभावनाओं का संचार करता है। मोदी ने कामना की कि नया वर्ष सभी के लिए प्रसन्नता, सफलता और अच्छा स्वास्थ्य लेकर आए। उन्होंने सभी नागरिकों को दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने, राष्ट्र की आकांक्षाओं को पोषित करने और सार्थक योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रधानमंत्री ने एक्स (X) पर लिखा, देशभर के मेरे परिवारजनों को नवरात्रि की हार्दिक मंगलकामनाएं। शक्ति की आराधना का यह दिव्य अवसर आप सभी के लिए सुख, सौभाग्य, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए। शक्तिस्वरूपा मां दुर्गा की असीम कृपा से सबका कल्याण हो, जिससे विकसित भारत के हमारे संकल्प को भी नई ऊर्जा मिले। जय अंबे
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
Publish Date: Thu, 19 Mar 2026 (12:36 IST)
Updated Date: Thu, 19 Mar 2026 (13:00 IST)