उन्नाव रेप केस की पीड़िता ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने के बाद कहा कि उन्होंने आश्वासन दिया है कि बेटा आप परेशान मत हो। उनके आंखों में भी आंसू आ गए कि ये देश का न्याय नहीं है ये अन्याय है। उन्होंने कहा कि हम आपको न्याय दिलाएंगे। दोनों (सोनिया गांधी और राहुल गांधी) के आंखें नम थी। मैं पीएम मोदी से भी मिलना चाहती हूं और उन्हें अपना दुख दर्द बताना चाहती हूं क्योंकि मेरा है कौन? मैं इन्ही लोगों से अपना दुख बता सकती हूं।
2017 के उन्नाव रेप केस की पीड़िता ने कहा कि यह देश का पहला ऑर्डर है कि रेप केस में सज़ा पर रोक लगा दी गई और जमानत दे दी गई। देश की सभी बेटियां अब डरी हुई हैं कि उनके साथ रेप होगा और अपराधी बच जाएंगे। उसे हमसे 5 किमी दूर रहने का ऑर्डर देकर उन्होंने हमें हमारे घरों में कैद कर दिया है। मुझे सुप्रीम कोर्ट पर भरोसा है कि वह हमें न्याय देगी।
क्या बोले राजभर
उन्नाव रेप केस के दोषी कुलदीप सिंह सेंगर को दिल्ली हाई कोर्ट से सशर्त ज़मानत मिलने पर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओपी राजभर ने कहा कि कोर्ट ने कहा है कि कुलदीप सिंह सेंगर पीड़ित परिवार से कम से कम 5 किलोमीटर दूर रहेंगे। दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने परिवार से कहा कि अगर कोर्ट ने यह व्यवस्था की है, तो वे असुरक्षित कैसे हो सकते हैं?