Rahul Gandhi on G Ram G Bill : कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने विकसित भारत जी राम जी विधेयक को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 20 साल के मनरेगा को एक दिन में खत्म कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने विकसित भारत जी राम जी विधेयक को बिना ठीक से जांच पड़ताल किए संसद से पारित करवा दिया।
ALSO READ: संसद अनिश्चित काल के लिए स्थगित, नाराज प्रियंका गांधी का सरकार से सवाल?
उन्होंने मनरेगा की जगह लाए गए नए विधेयक विकसित भारत जी राम जी को गांव विरोधी करार दिया और कहा कि पीएम मोदी के लक्ष्य साफ हैं, ग्रामीण भारत, खासकर पिछड़े वर्ग की ताकत को कमजोर करना, सत्ता का केंद्रीकरण करना और फिर नारों को सुधार के तौर पर बेचना।
सोशल मीडिया साइट एक्स एक पोस्ट में राहुल गांधी ने कि बीती रात मोदी सरकार ने 20 साल के मनरेगा को एक दिन में ध्वस्त कर दिया। इसने अधिकार आधारित, मांग आधारित गारंटी को खत्म कर दिया है और इसे एक राशन वाली योजना में बदल दिया है, जिसे दिल्ली से कंट्रोल किया जा सकता है। यह डिजाइन से ही राज्य विरोधी और गांव विरोधी है।
ALSO READ: प्रदूषण पर सपा सांसद का विवादित बयान, गिरिराज सिंह ने दी धर्म बदलने की सलाह
कांग्रेस नेता ने कहा कि काम सीमित करके और इसे नकारने के और भी तरीके अपनाकर, वीबी-जी आरएएमजी ग्रामीण गरीबों के एकमात्र साधन को कमजोर कर रहा है। हमने कोविड के दौरान एमजीएनआरईजीए का महत्व देखा। जब अर्थव्यवस्था ठप हो गई और आजीविका छिन गई, तब इसने करोड़ों लोगों को भूख और कर्ज में डूबने से बचाया।
राहुल ने कहा कि सबसे बुरी बात यह है कि इस कानून को संसद में बिना उचित जांच-पड़ताल के ही जबरदस्ती पारित कर दिया गया। विधेयक को स्थायी समिति के पास भेजने की विपक्ष की मांग को खारिज कर दिया गया। करोड़ों श्रमिकों को प्रभावित करने वाला ऐसा कानून, जो ग्रामीण सामाजिक अनुबंध को पूरी तरह से बदल देता है, उसे गंभीर समिति की जांच, विशेषज्ञ परामर्श और सार्वजनिक सुनवाई के बिना कभी भी जबरदस्ती पारित नहीं किया जाना चाहिए।
इससे पहले राज्यसभा में ध्वनिमत से बिल पास होने के बाद से सदन में भारी हंगामा हुआ। टीएमसी के राज्यसभा सांसद संसद परिसर में रातभर धरने पर बैठे रहे। आज सुबह विपक्षी दलों ने भी इस मामले में जमकर प्रदर्शन किया।
गौरतलब है कि गुरुवार को संसद के दोनों सदनों द्वारा विकसित भारत जी राम जी को मंजूरी दिए जाने के बाद सरकार ने बिल को मंजूरी के लिए राष्ट्रपति के पास भेज दिया है। राष्ट्रपति की मंजूरी मिलते ही बिल कानून बन जाएगा।
edited by : Nrapendra Gupta