Publish Date: Wed, 06 May 2026 (14:26 IST)
Updated Date: Wed, 06 May 2026 (14:35 IST)
चुनाव नतीजों की घोषणा के बाद से ही पश्चिम बंगाल में बवाल मचा हु्आ है। इस बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने वोट चोरी को लेकर मोदी सरकार पर बड़ा हमला करते हए कहा कि भाजपा का हर छठा सांसद वोट चोरी से जीता। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में तो पूरी सरकार ही घुसपैठिया है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा- वोट चोरी से कभी सीटें चुराई जाती हैं, कभी पूरी सरकार। लोकसभा के 240 BJP सांसदों में से, मोटे तौर पर हर छठा सांसद वोट चोरी से जीता है। पहचानना मुश्किल नहीं - क्या उन्हें BJP की भाषा में 'घुसपैठिए' कहें? और हरियाणा? वहां तो पूरी सरकार ही 'घुसपैठिया' है।
उन्होंने कहा कि जो संस्थाएं अपनी जेब में रखते हैं, जो मतदाता सूचियों और चुनावी प्रक्रिया को तोड़-मरोड़ देते हैं - वो खुद 'remote controlled' हैं। उन्हें असली डर सच्चाई का है। क्योंकि निष्पक्ष चुनाव हो जाएं, तो आज ये 140 के पास भी नहीं जीत सकते।
टीएमसी की हार पर खुश हो रहे लोगों को लताड़ा
राहुल ने इससे पहले कहा था कि जो टीएमसी की हार पर खुश हो रहे हैं, उन्हें यह बात साफ तौर पर समझ लेनी चाहिए कि असम और बंगाल के जनादेश की चोरी हुई है। यह भारतीय लोकतंत्र को खत्म करने के अपने मिशन में भाजपा द्वारा उठाया गया एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि छोटी-मोटी राजनीति को एक तरफ रख दें। यह किसी एक पार्टी की बात नहीं है, यह इंडिया की बात है।
बंगाल चुनाव में मात्र 80 सीटों पर सिमटी टीएमसी
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणाम के बाद से ही बवाल मचा हुआ है। भाजपा ने बंगाल विधानसभा चुनाव में 206 सीटें जीती हैं, जबकि ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी 80 सीटों पर सिमट गई, जिसने 2021 में 213 सीटें जीती थीं। जबकि, ममता बनर्जी स्वयं भवानीपुर में अपनी सीट नहीं बचा पाईं। कांग्रेस को इस चुनाव में मात्र 2 सीटें मिली हैं।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पद से इस्तीफा देने से इनकार करते हुए कहा कि मैं हारी नहीं हूं, मुझे हराया गया है। टीएमसी ने भाजपा के खिलाफ चुनाव नहीं लड़ा, उसकी लड़ाई सीधे चुनाव आयोग से थी।
edited by : Nrapendra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें