Publish Date: Fri, 20 Feb 2026 (14:27 IST)
Updated Date: Fri, 20 Feb 2026 (14:34 IST)
Rahul Gandhi Sultanpur Court: उत्तर प्रदेश की सुल्तानपुर कोर्ट में शुक्रवार को सियासी पारा चढ़ गया। मानहानि के पुराने मामले में पेश हुए कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सीधे तौर पर सत्ता पक्ष पर हमला बोला। राहुल ने कोर्ट के सामने दो-टूक कहा कि अमित शाह को लेकर उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है और यह सब उनकी छवि खराब करने की एक सोची-समझी 'साजिश' है।
क्या है पूरा मामला?
कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को सुल्तानपुर की कोर्ट नंबर 19 पहुंचे। मामला 2018 के कर्नाटक चुनाव प्रचार के दौरान गृह मंत्री अमित शाह पर की गई एक टिप्पणी से जुड़ा है। राहुल ने कहा कि राजनीतिक द्वेष के कारण मेरी और पार्टी की छवि धूमिल करने के लिए यह मुकदमा किया गया है। जिस सीडी का हवाला दिया जा रहा है, वह सत्यापित नहीं है और उसके साथ छेड़छाड़ की गई है।
क्या कहा शिकायतकर्ता के वकील ने?
दूसरी ओर, शिकायतकर्ता विजय मिश्रा के वकील संतोष पांडेय का कहना है कि राहुल ने अमित शाह को 'अभियुक्त' कहकर अपमानित किया था। कोर्ट ने अब अगली सुनवाई के लिए 9 मार्च की तारीख तय की है। राहुल ने कहा कि मेरा आशय किसी का अपमान करने का नहीं था। उन्होंने कहा कि मेरी छवि खराब करने के लिए दुर्भावनावश केवल हाईलाइट होने के लिए मेरे खिलाफ यह मुकदमा दायर किया गया है। राहुल के साथ प्रमोद तिवारी, अजय राय और बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद थे।
कितनी हो सकती है सजा?
पिछली सुनवाई में अदालत ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर बयान दर्ज कराने का अंतिम मौका दिया था। फिलहाल राहुल गांधी इस मामले में जमानत पर हैं। राहुल की पेशी को देखते हुए कोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल की पहले से तैनाती की गई थी। बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता भी इस दौरान कोर्ट के बाहर पहुंचे थे। भाजपा नेता विजय मिश्रा के वकील का दावा है कि केस बेहद मजबूत है और 8 साल पुराने मानहानि केस में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को 2 साल की सजा हो सकती है।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala