Publish Date: Mon, 23 Feb 2026 (13:35 IST)
Updated Date: Mon, 23 Feb 2026 (13:41 IST)
Rohit Pawar on Ajit Pawar Plane Crash: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (SP) के विधायक रोहित पवार ने बारामती विमान दुर्घटना को लेकर एक बड़ा सियासी बम फोड़ा है। शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रोहित पवार ने दावा किया कि इस हादसे के तार 'बेहद प्रभावशाली' राजनीतिक और व्यावसायिक हस्तियों से जुड़े हैं। उन्होंने इस मामले में सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से न्याय की गुहार लगाई है।
क्या हैं रोहित पवार के आरोप?
रोहित पवार का आरोप है कि चार्टर ऑपरेटर 'वीएसआर वेंचर्स' को केंद्र और राज्य की सत्ताधारी पार्टियों के रसूखदार नेताओं का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि नियम के मुताबिक कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर की क्षमता 2 घंटे होनी चाहिए, लेकिन इस विमान में यह केवल 30 मिनट की थी। रोहित ने सवाल उठाया कि ऐसे विमान को DGCA ने रजिस्ट्रेशन कैसे दिया?
उन्होंने दावा किया कि दुर्घटना के समय एक नहीं, बल्कि कई धमाके हुए। क्या यह सिर्फ एक तकनीकी खराबी थी या कुछ और? सबसे चौंकाने वाला आरोप यह है कि विमान के लगेज सेक्शन में अतिरिक्त पेट्रोल के कैन रखे गए थे, जिसकी वजह से भीषण आग लगी। उन्होंने कहा कि स्थित निजी जेट चार्टर ऑपरेटर वीएसआर वेंचर्स (वीएसआर एविएशन) को प्रभावशाली लोगों का समर्थन प्राप्त है, जिनमें से कुछ राज्य सरकारों में हैं और कुछ राष्ट्रीय स्तर पर सत्ताधारी दल से जुड़े हैं। रोहित के अनुसार, कुछ अदृश्य ताकतें इस घटना की सच्चाई को दबाने और जांच की दिशा मोड़ने की कोशिश कर रही हैं।
क्यों सामने नहीं आ रही रिकॉर्डिंग?
उन्होंने कहा कि दुर्घटना से ठीक पहले के अंतिम 30 मिनट, जो सबसे नवीनतम रिकॉर्ड किया गया हिस्सा है, में महत्वपूर्ण सुराग हो सकते हैं। रोहित ने कहा कि उन आखिरी 30 मिनटों में जो कुछ भी हुआ, वह केवल सीवीआर के माध्यम से ही जाना जा सकता है। कहा जा रहा है कि यह क्षतिग्रस्त हो गया। एनसीपी (एसपी) नेता ने कहा कि उस रिकॉर्डिंग से कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं, ऐसे तथ्य जिन्हें शायद वीसीआर या उसका समर्थन करने वाले लोग उजागर नहीं करना चाहते।
उल्लेखनीय है कि 28 जनवरी, 2026 को बारामती जाते समय महाराष्ट्र के तत्कालीन डिप्टी सीएम अजित पवार का विमान दुर्घटना में निधन हो गया था। इस हादसे में 4 अन्य लोगों की भी मौत हुई थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक विमान ने सुबह 8:10 बजे मुंबई से उड़ान भरी थी। बारामती में लैंडिंग के दौरान खराब दृश्यता और घने कोहरे के कारण विमान रनवे से भटक गया और उसमें भीषण आग लग गई।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala