विदेश मंत्री एस. जयशंकर बुधवार को ढाका में बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के अंतिम संस्कार में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की लंबे समय तक प्रमुख रहीं जिया ने देश में उथल-पुथल भरे सैन्य शासन के बाद लोकतंत्र की पुनर्स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और दशकों तक देश की राजनीति पर अपना दबदबा बनाए रखा था।
जिया का सुबह ढाका में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे 80 वर्ष की थीं। विदेश मंत्री एस जयशंकर का यह दौरा ऐसे समय पर हो रहा है जब भारत और बांग्लादेश की बीच तानातनी बनी हुई है।
विदेश मंत्रालय ने बयान में क्या कहा
दिवेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि डॉ. जयशंकर भारत सरकार और भारत की जनता का प्रतिनिधित्व करते हुए अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। इसके लिए वे 31 दिसंबर 2025 को ढाका जाएंगे। खालिदा जिया के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक जताया है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि वे इस खबर से बेहद दुखी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने खालिदा जिया के परिवार और बांग्लादेश की जनता के प्रति अपनी संवेदनाएं जताईं और कहा कि ईश्वर उनके परिवार को इस दुख को सहने की ताकत दे। Edited by: Sudhir Sharma