Publish Date: Wed, 18 Feb 2026 (14:22 IST)
Updated Date: Wed, 18 Feb 2026 (14:27 IST)
Seema Haider Updates: सरहद पार कर प्यार की खातिर भारत आई पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। खबर है कि सीमा ने महज 11 महीनों के भीतर दूसरी बार संतान को जन्म दिया है। जहां एक ओर मीणा परिवार में जश्न का माहौल है, वहीं दूसरी ओर इन नवजात बच्चों की भारतीय नागरिकता को लेकर गंभीर कानूनी सवाल खड़े हो गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों और कानून के जानकारों के बीच अब यह बहस तेज हो गई है कि अवैध रूप से भारत में दाखिल हुई महिला के बच्चों का भविष्य और उनकी राष्ट्रीयता क्या होगी?
11 महीने में दूसरी बार खुशियां
सीमा हैदर और सचिन मीणा के घर में दोबारा किलकारी गूंजी है। इससे पहले भी उन्होंने एक संतान को जन्म दिया था। सीमा ने ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में बेटे को जन्म दिया है। इससे पहले सीमा ने एक बच्ची को जन्म दिया ता, जबकि 4 बच्चे वह पाकिस्तान से लाई थीं।
हालांकि अब सचिन और सीमा के दोनों बच्चों की नागरिकता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। दूसरी ओर, भारतीय नागरिकता कानून के अनुसार, यदि माता-पिता में से कोई एक अवैध प्रवासी (Illegal Migrant) है, तो भारत में जन्मे बच्चे को स्वतः नागरिकता नहीं मिलती। सीमा हैदर फिलहाल तकनीकी रूप से एक अवैध प्रवासी हैं। सीमा के पाकिस्तानी पति गुलाम हैदर ने पहले ही उनके बच्चों को वापस पाकिस्तान ले जाने के लिए कानूनी लड़ाई छेड़ रखी है। नए बच्चों के जन्म के बाद यह मामला और भी पेचीदा हो गया है।
पहले वीडियो जारी कर दी थी जानकारी
इससे पहले सीमा हैदर ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि मुझे सातवां महीना चल रहा है। पहले नहीं बताया था, लेकिन अब सबको पता चल ही गया है। भगवान ने हमें दोबारा खुशी दी है और हमने इसे स्वीकार कर लिया है। सीमा ने वीडियो में आगे कहा कि मीरा की बहन या भाई आने वाला है या आने वाली है, दो महीने बाद फरवरी में। इस खबर से सचिन और सीमा दोनों ही बेहद गदगद है।
मुहब्बत में पाकिस्तान से पहुंची थी भारत
सीमा हैदर करीबन 2 साल पहले अपने चार बच्चों के साथ पाकिस्तान से नेपाल के रास्ते ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा पहुंची थीं। उसने दावा किया था कि वह ऑनलाइन पबजी गेम खेलने के दौरान दिल्ली के पास रबूपुरा के रहने वाले सचिन मीणा से प्यार कर बैठी थी और सचिन के साथ रहने के लिए वो भारत में आई है। यहां तक कि दोनों ने नेपाल में शादी कर ली है। इसको लेकर दोनों के द्वारा फोटो भी जारी किया गया। सीमा के आने के बाद यह मामला अंतरराष्ट्रीय मीडिया तक चर्चा का विषय बन गया था और सुरक्षा एजेंसियों ने भी उससे पूछताछ भी की थी।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala