एसटी हसन ने अपने बयान में एमसीडी की अतिक्रमण विरोधी ड्राइव की आलोचना करते हुए कहा कि मुसलमानों के प्रति दुश्मनी में सारी हदें पार कर दी गई हैं। उन्होंने सवाल किया कि ठंड की रात में उस जगह बुलडोजर एक्शन की आवश्यकता क्या थी जहां मस्जिद और दरगाह है।
उन्होंने कहा कि जब आस्था और भावनाओं से जुड़े धार्मिक स्थलों पर कार्रवाई होगी, तो इस एक्शन का रिएक्शन तो होगा ही। यह 100 साल पुरानी मस्जिद है। इसकी दुकानें भी पुरानी हैं। जब अतिक्रमण हटाने के नाम पर जुल्म किया जाएगा, तो लोग कब तक उसका विरोध नहीं करेंगे, कब तक खुद को रोकेंगे?
गौरतलब है कि तुर्कमान गेट इलाके में पत्थरबाजी के बाद दिल्ली पुलिस इस मामले में बेहद सख्त नजर आ रही है। इस मामले में अब तक 5 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। पत्थरबाजी की घटना में शामिल 30 लोगों की पहचान कर ली गई है। पुलिस को इस मामले में यूट्यूबर सलमान की भी तलाश है। पत्थरबाजी में 5 पुलिसकर्मी घायल हुए थे।
edited by : Nrapendra Gupta