Sunetra Pawar First Female Deputy CM Maharashtra: दिग्गज नेता दिवंगत अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने 31 जनवरी, 2026 को महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर एक नया इतिहास रच दिया है। राजभवन में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। पति की विरासत को आगे बढ़ाने और महायुति सरकार को मजबूती देने के लिए सुनेत्रा पवार का यह उदय महाराष्ट्र के सियासी समीकरणों को पूरी तरह बदलने वाला माना जा रहा है।
महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने राजभवन (लोकभवन) में आयोजित एक समारोह में सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। हाल ही में एक विमान दुर्घटना में अजित पवार के असामयिक निधन के बाद, राकांपा (NCP) विधायक दल ने सर्वसम्मति से सुनेत्रा पवार को अपना नेता चुना।
वित्त मंत्रालय मुख्यमंत्री के पास रहेगा
सूत्रों के अनुसार, सुनेत्रा पवार को राज्य उत्पादन शुल्क, खेल और अल्पसंख्यक कल्याण जैसे विभाग सौंपे जा सकते हैं। वित्त विभाग फिलहाल उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास ही रहने की संभावना है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्पष्ट किया कि भाजपा और महायुति गठबंधन पूरी तरह से पवार परिवार और राकांपा के इस फैसले के साथ है। उल्लेखनीय है कि गत बुधवार (28 जनवरी, 2026) को एक विमान दुर्घटना में अजित पवार का निधन हो गया था।
प्रधानमंत्री मोदी ने दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट कहा- सुनेत्रा पवार जी को महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री के तौर पर अपना कार्यकाल शुरू करने पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं। वह इस ज़िम्मेदारी को संभालने वाली पहली महिला हैं। मुझे विश्वास है कि वह राज्य के लोगों की भलाई के लिए अथक प्रयास करेंगी और स्वर्गीय अजित दादा पवार के विजन को पूरा करेंगी।
कौन हैं सुनेत्रा पवार?
सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र के एक प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवार से आती हैं और लंबे समय तक सामाजिक कार्यों में सक्रिय रही हैं। उनका जन्म 18 अक्टूबर 1963 को धाराशिव (ओस्मानाबाद) जिले के टेर में हुआ था। वे पूर्व मंत्री और सांसद पद्मसिंह पाटिल की बहन हैं। उनके पिता बाजीराव पाटिल भी एक प्रसिद्ध स्थानीय नेता और स्वतंत्रता सेनानी थे।
उनका विवाह 1985 में अजित पवार से हुआ था। उनके दो बेटे हैं- पार्थ पवार और जय पवार। सुनेत्रा ने 2010 में 'एनवायर्नमेंटल फोरम ऑफ इंडिया' (EFOI) नाम के एनजीओ की स्थापना की, जो जैविक खेती और पर्यावरण संरक्षण के लिए काम करता है। इसके लिए उन्हें 'ग्रीन वॉरियर' पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है। वे बारामती स्थित शैक्षणिक संस्थान 'विद्या प्रतिष्ठान' की ट्रस्टी हैं।
वे 'बारामती हाई-टेक टेक्सटाइल पार्क' की चेयरपर्सन हैं, जहां हजारों ग्रामीण महिलाओं को रोजगार मिलता है। उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान रखा, जब उन्होंने बारामती सीट से अपनी ननद सुप्रिया सुले के खिलाफ चुनाव लड़ा था। लोकसभा चुनाव में हार के बाद, उन्हें जून 2024 में राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित किया गया था। अब वे महाराष्ट्र के इतिहास में उपमुख्यमंत्री बनने वाली पहली महिला नेता बन गई हैं।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala