Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

surajkund mela accident : फरिश्ता बनकर आए इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद, कई जानें बचाईं, पर खुद हार गए जिंदगी की जंग

Advertiesment
surajkund accident
सूरजकुंड मेले की जगमगाहट और खुशियों के बीच शनिवार की शाम एक ऐसी दुखद खबर लेकर आई, जिसने न केवल पुलिस महकमे, बल्कि हर सुनने वाले की आंखें नम कर दीं। हरियाणा पुलिस के जांबाज निरीक्षक (इंस्पेक्टर) जगदीश प्रसाद अब हमारे बीच नहीं रहे। मेले में एक झूला टूटने से हुए भीषण हादसे के दौरान, जगदीश प्रसाद ने अपनी जान की परवाह न करते हुए दूसरों को बचाने के लिए मौत के मुंह में छलांग लगा दी।
 शनिवार को फरीदाबाद में सूरजकुंड मेले में एक झूला टूट कर गिर गया। उस समय ड्यूटी पर मौजूद निरीक्षक प्रसाद ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। हालांकि, दूसरों की मदद करते समय उन्हें गंभीर चोटें लगीं और उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। हादसे में 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं। 

कर्तव्य पथ पर अंतिम सांस

हादसा उस वक्त हुआ जब मेले में लगा एक झूला अचानक टूट गया और वहां चीख-पुकार मच गई। ड्यूटी पर तैनात इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद ने एक पल की भी देरी नहीं की। जहां लोग अपनी जान बचाकर भाग रहे थे, वहीं यह जांबाज अधिकारी टूटते हुए झूले की ओर लपका ताकि नीचे दबे मासूमों और लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। इस रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान वे गंभीर रूप से घायल हो गए और अंततः उन्होंने दम तोड़ दिया।

क्या कहा डीजीपी ने 

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने शनिवार रात निरीक्षक जगदीश प्रसाद के निधन पर शोक व्यक्त किया। निरीक्षक प्रसाद शनिवार का सूरजकुंड मेला मैदान में झूला टूटने से हुए हादसे के दौरान लोगों को बचाने की कोशिश करते समय घायल होने के बाद निधन हो गया था। सिंघल ने जोर देकर कहा कि अत्यंत चुनौतीपूर्ण और जोखिम भरे हालातों के बावजूद, निरीक्षक प्रसाद ने अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखा। सिंघल ने बताया कि अधिकारी की तत्परता और बहादुरी के कारण कई जीवन बचाए गए, जो पुलिस सेवा की सर्वोच्च परंपराओं को दर्शाता है।

मथुरा के रहने वाले थे जगदीश प्रसाद 

मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा के रहने वाले जगदीश प्रसाद अपने पीछे बहादुरी की एक ऐसी कहानी छोड़ गए हैं, जिसे वर्षों तक याद किया जाएगा। पुलिस विभाग के अधिकारियों ने उन्हें एक समर्पित और निडर साथी बताया, जो हमेशा मानवता की सेवा के लिए तत्पर रहते थे।
 
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, डीजीपी सिंघल ने घोषणा की कि निरीक्षक प्रसाद के परिवार को एक करोड़ रुपये की बीमा राशि के साथ अन्य विभागीय लाभ भी प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हरियाणा पुलिस परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करेगी। Edited by : Sudhir Sharma

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Indians attacked in Russia : रूस में चाकूबाजी से हड़कंप, 4 भारतीय छात्रों समेत कई लोग घायल, जांच में जुटी पुलिस