राजस्थान की चर्चित साध्वी प्रेम बाईसा की बुधवार को संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत सवालों के घेरे में है। साध्वी प्रेम बाईसा के इंस्टाग्राम अकाउंट से एक सुसाइड नोट भी पोस्ट किया गया है। दरअसल, अस्पताल के मुताबिक साध्वी की मौत शाम करीब 5:30 बजे हो चुकी थी, जबकि उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से रात करीब 9:28 बजे एक लंबी पोस्ट की गई।
पोस्ट सामने आने के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। साध्वी प्रेम बाईसा मौत मामले की होगी फॉरेंसिक जांच
पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने स्वयं इस मामले को गंभीरता से लेते हुए देर रात करीब 3 बजे तक सभी पहलुओं पर प्रारंभिक जांच की। सोशल मीडिया पर सामने आए सुसाइड नोट, इंस्टाग्राम पर डाले गए संदेश, मौत के कारणों और घटनाक्रम की समयरेखा को लेकर बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
वीडियो हुआ था वायरल : बता दें कि पिछले साल जुलाई में साध्वी प्रेम बाईसा का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद वह काफी तनाव में थी। इसको लेकर पुलिस में रिर्पोट दर्ज हुई थी। साध्वी ने तब कहा था कि ये पिता-पुत्री के रिश्ते को बदनाम किया जा रहा है। वह किसी भी तरह की अग्नि परीक्षा से गुजरने को तैयार हैं।
शव को एसडीएम अस्पताल क्यों नहीं गए पिता : इस मामले में कई सवाल उठ रहे हैं। मारवाड़ की कथा वाचक और साध्वी प्रेम बाईसा की बुधवार को जिन परिस्थितियों में मौत हुई, उन्हें सामान्य नहीं कहा जा सकता है। पिता और एक अन्य शख्स साध्वी प्रेम बाईसा को लेकर अस्पताल पहुंचे थे। तब समय लगभग 5 बजकर 30 मिनट हुआ था। डॉक्टर ने साध्वी प्रेम बाईसा की जांच की, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। अस्पताल के संचालक डॉक्टर प्रवीण जैन के मुताबिक पुलिस को साध्वी प्रेम बाईसा की मौत की खबर दी गई और परिवार से कहा कि शव को एसडीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका पोस्टमार्टम होना था, हालांकि, साध्वी प्रेम बाईसा के पिता उनके शव को बोरानाडा स्थित उनके आश्रम लेकर चले गए, ये काफी अजीब है। ऐसा उन्होंने क्यों किया ये फिलहाल जांच का विषय है।
साध्वी का कमरा सीज किया : साध्वी प्रेम बाईसा की मौत की खबर मिलने के बबाद बोरानाडा थाने से सब इंस्पेक्टर आश्रम पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने साध्वी प्रेम बाईसा का कमरा सीज करवा दिया है, ताकि सबूतों से छेड़छाड़ न किया जा सके। साथ ही शव को एमडीएम भेजा गया है। एसीपी छवी शर्मा ने बताया कि साध्वी को परिजन निजी अस्पताल लेकर गए थे। उनकी मौत हो चुकी थी। पोस्टमार्टम के बाद ही यह खुलासा हो सकेगा कि मौत की वजह क्या है।
Edited By: Navin Rangiyal