Publish Date: Wed, 18 Feb 2026 (12:20 IST)
Updated Date: Wed, 18 Feb 2026 (12:42 IST)
अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। इस ट्रेन में एक TTE ने लड़की के साथ दुष्कर्म किया। लड़की बिना टिकट ट्रेन में सफर कर रही थी, सीट दिलाने के बहाने TTE उसे कंपार्टमेंट में ले गया और दुष्कर्म को अंजाम दिया।
लड़की ने अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस के TTE पर रेप का यह आरोप लगाया। लड़की सेना में भर्ती की तैयारी कर रही है। उसने TTE पर आरोप लगाया। उसने कहा— मैं एनसीसी सी-सर्टिफिकेट की परीक्षा देने मऊ गई थी। लौटते समय भीड़ ज्यादा होने के कारण टिकट नहीं ले सकी और AC कोच में चढ़ गई। मैं एसी कोच में खड़ी थी, तभी टीटीई आए। सीट दिलाने के बहाने केबिन में ले गए और वहां रेप किया।
क्या है पूरा मामला : लड़की ने पुलिस को बताया कि टीटीई राहुल कुमार ने उससे पूछताछ की। टीटीई ने पहले उसका नाम-पता और परीक्षा से जुड़ी जानकारी पूछी। लड़की ने बताया कि वह एनसीसी कैडेट है और गोरखपुर में तैयारी कर रही है। उसने बताया कि भीड़ की वजह से वो टिकट नहीं ले पाई और एसी में चढ गई। लड़की को उम्मीद थी कि बिना टिकट उसे नियमानुसार जुर्माना लेकर सीट दे दी जाएगी। युवती का आरोप है कि टीटीई ने उसे सीट दिलाने का भरोसा दिया और एसी प्रथम श्रेणी के कोच में अपने केबिन में ले गया। धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो बिना टिकट यात्रा मामले में कार्रवाई करेगा। घटना रविवार रात की इंदारा और देवरिया के बीच की फर्स्ट एसी के केबिन की है।
इसके बाद लड़की ने डायल-112 पर सूचना दी। तब आरोपी टीटीई देवरिया में ट्रेन से उतरकर फरार हो गया। गोरखपुर पहुंचने पर लड़की ने जीआरपी थाने में रेप का केस दर्ज कराया।
अंदर से बंद कर लिया दरवाजा : केबिन में बैठाने के बाद टीटीई ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। पहले सामान्य बातचीत की, लेकिन कुछ ही देर में उसका व्यवहार बदल गया। मेरे साथ रेप किया। जब मैंने विरोध किया तो आरोपी ने बिना टिकट यात्रा का मामला बनाकर कार्रवाई करने की धमकी दी। पीड़िता ने शोर मचाया और डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। जैसे ही मामला सामने आया, आरोपी टीटीई देवरिया स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर फरार हो गया।
Edited By: Naveen R Rangiyal