US Embassy warns India Students : भारत में अमेरिकी दूतावास ने भारतीय छात्रों को कड़ी चेतावनी जारी की है। दूतावास ने स्पष्ट कहा है कि अमेरिकी वीजा "एक विशेषाधिकार है, अधिकार नहीं"। यदि अमेरिका में पढ़ाई कर रहे या जाने वाले छात्र वहां के कानूनों का उल्लंघन करते हैं, तो उनका वीजा रद्द किया जा सकता है, उन्हें देश से निर्वासित (डिपोर्ट) किया जा सकता है और भविष्य में अमेरिकी वीजा पाने के लिए अयोग्य घोषित किया जा सकता है।
दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा, "अमेरिकी कानून तोड़ने से आपके स्टूडेंट वीजा पर गंभीर परिणाम हो सकते हैं। यदि आप गिरफ्तार होते हैं या किसी कानून का उल्लंघन करते हैं, तो आपका वीजा रद्द हो सकता है, आपको डिपोर्ट किया जा सकता है और आप भविष्य के अमेरिकी वीजा के लिए अयोग्य हो सकते हैं। नियमों का पालन करें और अपनी यात्रा को जोखिम में न डालें।"
ALSO READ: भारत पर 500 प्रतिशत टैरिफ लगाएंगे ट्रंप! चीन और ब्राजील को भी महंगा पड़ेगा रूसी तेल
यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब हजारों भारतीय छात्र 2026 के शैक्षणिक सत्र के लिए तैयारी कर रहे हैं। अमेरिका में वीजा नियमों में सख्ती बढ़ रही है, जिसमें वीजा शुल्क में वृद्धि, सोशल मीडिया की कड़ी निगरानी, नए अनुपालन नियम और छात्र वीजा पर प्रस्तावित समय सीमा शामिल हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि ट्रंप प्रशासन के तहत इमिग्रेशन नियमों पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है, जिससे भारतीय छात्रों पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है।
भारत अमेरिका में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय छात्र भेजने वाला देश है, लेकिन हाल के बदलावों से आवेदनों में देरी और अस्वीकृति के मामले बढ़े हैं। दूतावास ने छात्रों से अपील की है कि वे कानूनों का सख्ती से पालन करें ताकि उनका भविष्य सुरक्षित रहे।
यह चेतावनी पिछले सप्ताह एच-1बी और एच-4 वर्क वीजा धारकों को दी गई चेतावनी के बाद आई है। छात्रों और उनके अभिभावकों में इसको लेकर चिंता बढ़ गई है।