Publish Date: Sun, 08 Feb 2026 (12:12 IST)
Updated Date: Sun, 08 Feb 2026 (12:16 IST)
देश के मौसम के मिजाज में एक बार फिर बड़ा बदलाव आने वाला है। मौसम विभाग (IMD) ने दो बैक-टू-बैक पश्चिमी विक्षोभों (Western Disturbances) के सक्रिय होने के कारण उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों के लिए चेतावनी जारी की है। देश की राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में रविवार को आसमान साफ रहने की उम्मीद है। हालांकि, सुबह के वक्त हल्की धुंध लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। खबरों के मुताबिक अगले 48 घंटों के भीतर एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित करेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी की तीव्रता बढ़ेगी।
आईएमडी ने पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वाले पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बर्फबारी के कारण कुछ संपर्क मार्ग बाधित हो सकते हैं, इसलिए मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही घरों से बाहर निकलें। राज्य के कई हिस्सों में 11 फरवरी तक मौसम खराब रहेगा। लाहौल स्पीति, ताबो और कुकुमसेरी जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तेज अंधड़, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
उत्तर भारत में बढ़ सकती है ठंड
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 2 दिन बाद पहाड़ों पर बदलने वाले मौसम का आंशिक असर दोनों राज्यों के कुछ भागों पर रह सकता है, जिससे बादलों की आवाजाही के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं राजस्थान में अगले तीन दिन में एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिमी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। 9 फरवरी से बादलों की आवाजाही के कारण कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी से मौसम बदल सकता है। Edited by : Sudhir Sharma